बहराइच की नानपारा सीट पर कुर्मी-मुस्लिम समीकरण तय करेगा जीत, जिले की मांग और विकास सबसे बड़े चुनावी मुद्दे
बहराइच की नानपारा विधानसभा सीट का राजनीतिक इतिहास, जातीय समीकरण और विकास कार्य चर्चा में हैं, जहाँ समाजवादी पार्टी कभी नहीं जीत पाई।

यूपी चुनाव में बहराइच सीट को दर्शाने के लिए इस तस्वीर को जागरण ग्राफिक्स टीम ने बनाया है।
HighLights
समाजवादी पार्टी नानपारा सीट पर कभी नहीं जीती।
कुर्मी और मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
नानपारा को जिला बनाने की मांग प्रमुख चुनावी मुद्दा।
जागरण संवाददाता, नानपारा(बहराइच)। नेपाल सीमा से सटी और अपनी पुरानी रियासत के लिए मशहूर नानपारा विधानसभा सीट उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अलग पहचान रखती है। सामान्य श्रेणी की इस सीट का राजनीतिक इतिहास बेहद दिलचस्प है।
1951 में विधानसभा के गठन के बाद से अब तक यहाँ समाजवादी पार्टी का खाता नहीं खुल सका है। अब तक राज्य मंत्रिमंडल में इस सीट को कोई भागीदारी नहीं मिली है, लेकिन आगामी चुनाव में विकास कार्यों के साथ-साथ नानपारा को जिला बनाने और बुनियादी सुविधाओं की मांग एक बार फिर सियासी पारा चढ़ाने को तैयार है।

तस्वीर को एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।
राजनीतिक इतिहास और जातीय समीकरण
परिसीमन के बाद 1985 में हुए चुनाव में यहां से कांग्रेस के देवतादिन पहली बार विधायक चुने गए थे, जिसके बाद इस सीट पर भाजपा का दबदबा कायम रहा। नानपारा की राजनीति में कुर्मी और मुस्लिम मतदाता हमेशा निर्णायक भूमिका में रहते हैं। यही वजह है कि 2012 से लगातार कुर्मी समाज का ही विधायक इस क्षेत्र का नेतृत्व कर रहा है।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-अपना दल(एस) गठबंधन ने अपना दल के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और प्रसिद्ध ट्रैक्टर व्यवसायी राम निवास वर्मा को मैदान में उतारा। उनके सामने 2 बार की विधायक रह चुकीं माधुरी वर्मा सपा के टिकट पर थीं।
कड़े मुकाबले में राम निवास वर्मा ने माधुरी वर्मा को 12 हजार से अधिक वोटों से करारी शिकस्त दी। पिछले चुनाव में कुर्मी, ब्राह्मण और क्षत्रिय मतदाताओं के साथ मुस्लिम वोटों का भी एक वर्ग गठबंधन के पक्ष में गया, हालांकि 2017 के मुकाबले 2022 में जीत का अंतर थोड़ा कम हुआ।
गढ़ी घाट पुल ने बदली तस्वीर
पहली बार विधायक बने राम निवास वर्मा ने अपने कार्यकाल में ग्रामीण इलाकों के विकास को प्राथमिकता दी। क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के साथ-साथ वर्षों से चली आ रही बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए कई पुलों का निर्माण कराया गया। इनमें गढ़ीघाट पुल सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। इस पुल के बनने से बलहा, शिवपुर और नवाबगंज ब्लॉकों की सैकड़ों ग्राम पंचायतों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है।
2027 के चुनावी मुद्दे
विकास कार्यों के बावजूद क्षेत्र की जनता की कई मांगें आज भी चुनाव का मुख्य मुद्दा बनी हुई हैं।
नानपारा को जिला बनाने की मांग: स्थानीय लोग लंबे समय से नानपारा को अलग जिला घोषित करने की आवाज उठा रहे हैं।
परिवहन सुविधा: क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डे और नियमित बस सेवा की स्थापना की मांग।
शिक्षा में समानता: बेटियों की उच्च और बेहतर शिक्षा के लिए बालिका विद्यालय की आवश्यकता।

तस्वीर को एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।
नानपारा सीट की खास पहचान
नेपाल सीमा से लगा नानपारा क्षेत्र ऐतिहासिक और धार्मिक रूप से भी समृद्ध है। भगवान शंकर का प्राचीन बूढ़ेश्वर नाथ मंदिर, नानपारा रेलवे जंक्शन, सरकारी चीनी मिल और यहां की पुरानी रियासत इस विधानसभा की प्रमुख पहचान हैं।
नानपारा विधानसभा के बारे में
कुल मतदाता: 2,89,198 (पुरुष: 1,58,747, अन्य: 02, सर्विस वोटर: 93)
मौजूदा विधायक: राम निवास वर्मा (अपना दल एस- भाजपा गठबंधन)
पिछले चुनाव में जीत का अंतर: 12,372 वोट
प्रमुख जातीय समीकरण (अनुमानित)
अल्पसंख्यक (87,000), कुर्मी (76,000), अनुसूचित जाति (48,000), अन्य (46,000), ब्राह्मण (35,000), यादव (27,000), निषाद (21,500), क्षत्रिय (14,400) और वैश्य (13,670)।
यह भी पढ़ें- बहराइच की बलहा विधानसभा सीट पर रोमांचक मुकाबला, जागरण की ग्राउंड रिपोर्ट में पता चली 'नई बात'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।