दुधवा-कतर्नियाघाट सफर का मजा होगा दोगुना, मैलानी-नानपारा रूट पर चलने वाली ट्रेन के विस्टाडोम कोच में हुआ बड़ा बदलाव
मैलानी-नानपारा रेल प्रखंड पर चलने वाली विस्टाडोम कोच में रेलवे ने बदलाव किए हैं, जिससे पर्यटकों को अब सीट पर ही खानपान और धूप से बचाव के लिए पर्दे जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

HighLights
प्रत्येक सीट के पास खानपान के लिए टेबल की सुविधा।
धूप से बचाव हेतु खिड़कियों पर पर्दे लगाए गए।
लंबी यात्रा हेतु हेडरेस्ट और कुशन की व्यवस्था।
संवाद सूत्र, बहराइच। मैलानी-नानपारा रेल प्रखंड पर चलने वाली विस्टाडोम कोच में रेलवे की ओर से बदलाव किया गया है। अब पर्यटकों को प्रत्येक सीट के पास ही टेबल पर ही खानपान की सुविधा मिलेगी। इतना ही नहीं धूप से बचाव के लिए शीशे को परदा लगाकर ढक दिया गया है। कोच को सुविधाओं से अपग्रेड किया गया है।
नानपारा-मैलानी रेल प्रखंड पर चलने वाली विस्टाडोम कोच में यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई अहम बदलाव किए हैं। रेलवे के अनुसार कोच में लगी कांच की बड़ी-बड़ी खिड़कियों से कतर्नियाघाट, दुधवा टाइगर रिजर्व और किशनपुर सेंचुरी के प्राकृतिक जंगलों और वन्य जीवों के विचरण को पर्यटक देख सकते हैं, लेकिन कांच की वजह से तेज धूप की समस्या आती थी।
इसको ध्यान में रखते हुए अब कोच की खिड़कियों पर पर्दे लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को धूप से राहत मिलेगी। इसके साथ ही हर सीट के पास टेबल की व्यवस्था की गई है।
जिससे पर्यटक आसानी से खान-पान कर सकें और सीटों पर सिर टिकाने के लिए हेडरेस्ट व कुशन लगाया गया है, इससे लंबी यात्रा और आरामदायक होगी। कुल मिलाकर दुधवा-कतर्नियाघाट आने वाले पर्यटकों के सफर को और सुविधाजनक बनाने के लिए विस्टाडोम कोच को अपग्रेड किया गया है।