शादी-विवाह के चलते बहराइच में बदली यातायात व्यवस्था, 11 दिसंबर तक भारी वाहनों की 'नो-एंट्री'
बहराइच में शादी समारोहों और सड़क चौड़ीकरण के कारण यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 24 नवंबर से 11 दिसंबर तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रभावी रहेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बहराइच में भारी वाहनों के लिए यातायात डायवर्जन लागू।
शादी समारोहों और सड़क चौड़ीकरण के कारण बदलाव।
24 नवंबर से 11 दिसंबर तक नो-एंट्री प्रभावी।
जागरण संवाददाता, बहराइच। शहर में शादी-विवाह समारोहों के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन में बदलाव किया है। यह नियम मंगलवार से लागू कर दिया गया है। प्रतिदिन सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि 24 नवंबर से 11 दिसंबर तक शहर क्षेत्र में सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान 24, 25 और 30 नवंबर के अलावा दो, तीन, चार, नौ और 11 दिसंबर को शहर में बड़ी संख्या में शादी समारोह प्रस्तावित हैं।
वहीं, गोलवाघाटमोड़ से केडीसी तिराहा होते हुए झिंगहाघाटमोड़ तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी चल रहा है। ऐसे में भारी वाहनों के प्रवेश से जाम की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत गोलवाघाट मोड़ से शहर के अंदर होकर गोंडा और बलरामपुर जाने वाले भारी वाहन रामगांव मोड़, रिसिया मोड़ और आसाम रोड होकर जाएंगे।
यह भी पढ़ें- लखनऊ: आगजनी-तोड़फोड़ मामले में पूर्व MP बनवारी लाल समेत तीन को 3-3 साल की सजा, 28 साल बाद आया फैसला
वहीं, दोनक्का तिराहा से शहर के अंदर होकर लखनऊ और सीतापुर जाने वाले भारी वाहन आसाम रोड, रिसिया मोड़ और रामगांव मोड़ होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नो-एंट्री व्यवस्था से छूट रहेगी।