बहराइच में तेंदुआ आबादी वाले इलाके में घुसा, वन विभाग की टीम हाथियों पर सवार होकर दे रही गश्त
बहराइच के नारायण ताड़ा गांव में तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।

वन विभाग ने तेंदुए को आबादी से दूर भगाने के लिए पालतू हथिनी जयमाला और चंपाकली से कांबिंग अभियान चलाया।
संवाद सूत्र, बिछिया (बहराइच)। दो दिन पहले नारायण ताड़ा गांव में तेंदुए ने युवक पर हमला कर दिया था। हमले को लेकर ग्रामीणों में भय व्याप्त था। गुरुवार को वन विभाग की पालतू हथिनी से इलाके में कांबिंग कराई गई। वनकर्मी भी लगातार इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे हैं।
कतर्नियाघाट वन्य प्रभाग के कतर्नियाघाट रेंज में नरायनताड़ा गांव मे मंगलवार शाम को 6 बजे तेंदुए ने युवक पर हमला कर घायल कर दिया था। इसके बाद ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की थी। डीएफओ अपूर्व दीक्षित के निर्देश पर दोपहर में राजकीय हथिनी जयमाला व चंपाकली से वन विभाग ने कांबिंग कराई।
रेंजर आशीष गौड़ ने बताया इस दौरान वन दरोगा राधेश्याम, वन रक्षक संतोष, वाचर सुनील व संजय की टीम के पेट्रोलिंग करते रहे। रेंजर ने बताया कि आबादी की ओर वन विभाग की टीम लगातार कांबिंग की जा रही है और तेंदुए की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।