पायरिया को हल्के में ना लें... हार्ट अटैक और डायबिटीज का खतरा, दंत रोग विशेषज्ञों ने दी चेतावनी
पायरिया एक गंभीर मौखिक संक्रमण है जो हृदय रोग और मधुमेह जैसी अन्य बीमारियों से जुड़ा है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
पायरिया गंभीर मौखिक संक्रमण है, जो हृदय रोग से जुड़ा है।
यह मधुमेह को भी अनियंत्रित कर सकता है, बढ़ा सकता है शुगर।
नियमित ब्रश, फ्लॉसिंग और चिकित्सक परामर्श से बचाव संभव।
जागरण संवाददाता, बागपत। दांतों और मसूड़ों में होने वाली परेशानी को अक्सर लोग सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही लापरवाही आगे चलकर गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। पायरिया दांतों और मसूड़ों से जुड़ा एक गंभीर संक्रमण है, जो केवल मुंह तक सीमित नहीं रहता।
इसका संबंध शरीर के दूसरे अंगों के स्वास्थ्य से भी जुड़ा है। विशेषज्ञों के अनुसार इसका संबंध हृदय रोग और मधुमेह जैसी बीमारियों से भी है। ऐसे में पायरिया को हल्के में लेना सेहत पर भारी पड़ सकता है।
पायरिया की शुरुआत आमतौर पर मसूड़ों में सूजन, लालिमा और ब्रश करते समय खून आने जैसी समस्याओं से होती है। शुरुआत में लोग इसे सामान्य परेशानी मानकर घरेलू उपाय अपनाते रहते हैं।
धीरे-धीरे संक्रमण बढ़ने पर मसूड़ों से मवाद आना, मुंह से दुर्गंध आना, दांतों में दर्द और उनका हिलना जैसी समस्याएं सामने आने लगती हैं। समय पर उपचार नहीं मिलने पर दांत कमजोर होकर गिर भी सकते हैं।
जिला अस्पताल के दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सिंह बताते हैं कि पायरिया (पेरियोडोंटाइटिस) केवल मसूड़ों और दांतों की बीमारी नहीं है, बल्कि यह शरीर विभिन्न अंगों को प्रभावित कर सकता है।

पायरिया का बैक्टीरिया और इंफेक्शन इतना खतरनाक होता है कि रक्त वाहिकाओं के जरिए दिल तक पहुंचकर हृदय रोग, वाल्व में संक्रमण और हार्टअटैक या स्ट्रोक का खतरा बढ़ा सकता है। बैक्टीरिया शरीर में सूजन बढ़ाता है, जिससे डायबिटीज भी अनियंत्रित हो जाती है और शुगर लेवल बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें- 70 प्रतिशत बच्चे कैविटी और 85 प्रतिशत वयस्क पायरिया से हो रहे ग्रसित, डाक्टर ने बताया बेहतर उपाय और उपचार
ऐसे करें बचाव
चिकित्सकों के अनुसार पायरिया से बचाव के लिए नियमित रूप से सुबह और रात को सोने से पहले ब्रश करना जरूरी है। दांतों के बीच फंसी गंदगी को साफ करने के लिए फ्लास का इस्तेमाल करें।
समय-समय पर दांतों की जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर चिकित्सक से दांतों की सफाई कराएं। तंबाकू और धूमपान से दूरी बनाएं। मसूड़ों से खून आने, सूजन या लगातार दुर्गंध की शिकायत होने पर घरेलू उपचार के बजाय दंत चिकित्सक से परामर्श लें।
ये बोले हृदय रोग विशेषज्ञ...
पायरिया का बैक्टीरिया रक्त में मिलने से धमनियों में सूजन और ब्लाकेज आ सकती हैं, जिससे हार्टअटैक, स्ट्रोक और हृदय के वाल्व में इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। यहां तक कि पायरिया शरीर में इंसुलिन के रेजिस्टेंस को भी बढ़ा देता है, जो मधुमेह को अनियंत्रित कर देता है।
डॉ. मयंक गोयल, हृदय रोग विशेषज्ञ।