70 प्रतिशत बच्चे कैविटी और 85 प्रतिशत वयस्क पायरिया से हो रहे ग्रसित, डाक्टर ने बताया बेहतर उपाय और उपचार
वाराणसी में 70% बच्चे कैविटी और 85% वयस्क पायरिया से ग्रसित हैं। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्पा सिंह ने 'हेलो ...और पढ़ें

वाराणसी में दांतों की समस्या: कैविटी और पायरिया से बचाव के लिए विशेषज्ञ के उपाय।
HighLights
70% बच्चे कैविटी, 85% वयस्क पायरिया से ग्रसित हैं।
दंत विशेषज्ञ ने दांतों की समस्याओं के उपचार व बचाव बताए।
नियमित जांच, सही देखभाल से दांतों की बीमारियों से बचें।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। हमारे समाज में दांतों को लेकर कई तरह की भ्रांतिया फैली हुई है। कई लोगों को लगता है कि ब्रश करने से मसूड़े नीचे खिसक जाते हैं और दांत घिस जाते हैं। लगभग 70 प्रतिशत बच्चे दांतों में कीड़ा (कैविटी) से ग्रसित हो रहे हैं। वहीं 85 प्रतिशत वयस्क पायरिया से ग्रसित हैं। लोग अक्सर दर्द बढ़ने पर ही दांत के डाक्टर के पास जाते हैं।
नियमित चेकअप न कराने से बाद में गंभीर समस्या हो जाती है। इसकी सबसे बड़ी वजह जागरूकता की कमी है। अगर समय से जांच कराकर इलाज करा लिया जाए तो दांतों की बीमारी से बचा जा सकता है। दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘हेलो जागरण’ में बुधवार को मंडलीय चिकित्सालय के दंत रोग विशेषज्ञ डा. पुष्पा सिंह ने पाठकों से बात की। उन्होंने कैविटी, मसूड़ों की सूजन, पायरिया, तेज दर्द, मवाद (फोड़ा) या टूटे दांत आदि की जानकारी दी। साथ ही बचाव व उपचार के बारे में बताया।
कई दांतों में कैविटी हो रही है क्या करें? संजय कुमार (पहड़िया)
- सुबह और रात में खाने के बाद दांतों में ब्रश जरूर करें, जिन दांतों में कैविटी हुई है उनका शीघ्र इलाज कराएं।
मेरा चौभर दांत पूरी तरह से खराब हो गया है और कहां दिखाएं? राजेश यादव (काशी विद्यापीठ)
- दांत किस हद तक खराब हु्आ है यह देखकर ही बताया जा सकता है और उस हिसाब से इलाज किया जाएगा। मंडलीय चिकित्सालय कबीरचौरा में एक रुपये के पर्चे इलाज करा सकते हैं।
मेरी उम्र 64 वर्ष है। दाएं और बाएं दांत आधे से अधिक टूट गया है क्या करें? गुलाब (पांडेयपुर)
- दांत को पहले देखना पड़ेगा। सबसे पहले दंत विशेषज्ञ से मिलकर दांतों की आरसीटी (रूट कैनाल ट्रीटमेंट) कराकर कैप करा लिजिए। रूट कैनाल ट्रीटमेंट में दांतों की जड़ों की सफाई करके, जड़ों में फिलिंग मैटीरियल भर दिया जाता है और कैप लगा दिया जाता है। इससे आपका असली दांत निकालना नहीं पड़ता है।
मेरी उम्र 45 वर्ष है। अक्कल दांत टूट गया है और खाना फंस जाता है क्या करें? अंकित पांडेय (चांदपुर)
- अक्कल दांत टूटा रहने से इंफेक्शन फैल सकता है, क्योंकि यह दांत सबसे पीछे होता है। इसके निकालने से खाना चबाने में कोई परेशानी नहीं होती है। अगर यह ज्यादा खराब हो गया है तो एक्सरे कराकर निकलवा लेना ही बेहतर उपाय है।
मेरे मुख से बदबू आता है क्या करें? अनुज कुमार सिन्हा (लोहियानगर)
- पेट की गड़बड़ी और दांतों के बीच में खाना फंसने की वजह से मुख से बदबू आ सकता है। सबसे पहले शुगर की जांच करा लीजिएगा। इसके बाद दांतों की सफाई जरूर करा लें। सुबह और रात में खाना खाने के बाद ब्रश जरूर करें। जीभी की नियमित सफाई करने से 70 प्रतिशत बदबू कम हो जाएगी।
मेरी उम्र 52 वर्ष है। सामने के दांत हिल रहे हैं क्या करें? अखिलेश यादव (राजातालाब)
- पायरिया की शिकायत हो सकती है। दंत रोग विशेषज्ञ से मिलकर परामर्श लें। शुरुआती चरण में इस बीमारी पर पूरी तरह काबू पाया जा सकता है।
मेरी उम्र 74 वर्ष है। दांत घिसने की वजह से पानी लगता है क्या करें? डा. राजशेखर राय (भवानीनगर)
- सोडियम फ्लोराइड युक्त एक टूथपेस्ट लेना होगा। इसे करने से दांतों में सेंसिटिविटी और पानी लगना कम हो जाएगा।
मेरी उम्र 74 वर्ष है। मेरे लगभग सारे दांत खराब हो गए हैं। ओमकार नाथ (कछवां, सेवापुरी)
- सबसे पहले दंत रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेकर इलाज कराएं, जो दांत निकालने लायक हो उसे निकलवा दें। साथ ही जो बचाने लायक हो उसे आरसीटी करके बचाएं।
मैदे का नान खाने से मसूड़े में दर्द है और सूजन हो गया है। गुटखा छोड़ दिए थे, लेकिन फिर से शुरू कर दिए है। अब पीछे का दांत हिल रहा है क्या करें? पवन कुमार शुक्ला (श्यामानगर, ककरमत्ता)
- सबसे पहले आप गुटखा खाना बंद करें। इसमें केमिकल और सुपारी होता है जो मसूड़ों और दांतों को नुकसान पहुंचाता है। यह पूरे मुह के स्वास्थ्य का दुश्मन है।
मेरी उम्र 76 वर्ष है। दांत के बीच में खाना फंसता है क्या करें। एलबी श्रीवास्तव (कमौली, गौराकला)
- इसमें उम्र में दांत घिस जाते हैं। दांत के बीच में कैविटी हो सकती है। विशेषज्ञ डाक्टर से मिलकर एक्सरे करा लीजिए। साथ ही सुबह और रात में ब्रश करने की आदत डालें।
दांत टूटने की वजह से पानी लग रहा है क्या करें? प्रीति श्रीवास्तव (फुलवरिया)
- दांत का एक्सरे कराकर देखना चाहिए की कहीं कैविटी तो नहीं है। कई बार दो दांतों के बीच में कैविटी पता नहीं चलती है।
मेरे उम्र 60 वर्ष है। दांत में पानी लगता है क्या करें? सतीश कुमार (महमूरगंज)
- डेन्सिटाइजिंग पेस्ट का इस्तेमाल संवेदनशील दांत, जिनमें ठंडे या गर्म खाद्य पदार्थ से झंझनाहट होती है। इससे ब्रश करके देखिए। इससे काफी हद तक आराम मिल सकता है।
खानपान का यह रखें ध्यान
कैल्शियम वाली चीजें जैसे-दूध, दही, पनीर, हरी सब्जी खाएं। मीठा खाने के बाद मुख को अच्छी तरह धो लें। अन्यथा मीठे की वजह से कैविटी लगने की संभावना होती है। साथ ही गुटखा और धूम्रपान से दूरी बनाए। सप्ताह में एक या दो बार नमक पानी का गरारा जरूर करें। इससे मसूड़ें स्वस्थ रहेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।