यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बागपत में दोबारा सामूहिक दुष्कर्म की धमकी पर छात्रा ने जान दी
इससे पहले गांव के पांच लोगों पर छात्रा ने अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगाया था लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।

बागपत (जागरण संवाददाता)। बागपत के थाना रमाला क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार देर शाम एक किशोरी ने अपने घर में फांसी लगा ली। मौके पर पहुंची पुलिस का दावा था कि किशोरी ने गृह कलह के चलते जान दी है।
मृतका की मां ने बताया कि उनकी बेटी कक्षा आठ की छात्रा थी। चार माह पूर्व वह घर से थोड़ी दूर स्थित दुकान पर सामान लेने गई थी। वहां से उसका अपहरण कर लिया गया। रमाला थाने पर गांव के ही पांच युवकों के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। घटना के पांच दिन बाद आरोपी किशोरी को रमाला थाने के बाहर फेंककर फरार हो गए।
होश आने पर छात्रा ने बताया कि पांच युवकों ने उसका अपहरण किया था और एक कमरे में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। परिजनों ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई। आरोप है कि पुलिस ने इसके बाद भी कार्रवाई नहीं की।
यह भी पढ़ें: लखनऊ की मुन्नी देवी खेती के साथ राजनीति में ठोक रहीं ताल
बाद में पुलिस ने मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा आरोपियों को क्लीन चिट दे दी। शुक्रवार सुबह किशोरी दुकान पर गई थी। वहां एक बार फिर आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की धमकी दी। दहशत के मारे किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी।
