विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DIG के सामने मुस्कुराने पर दारोगा का ट्रांसफर, 'मेरा चेहरा ही ऐसा है', यह सफाई भी नहीं आई काम

By Inshad Ali Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 08 Oct 2026 04:55 PM (GMT+05:30)

Baghpat News: डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बागपत में चांदीनगर थाने के वार्षिक निरीक्षण के दौरान मुस्कुराने पर एक दारोगा आनंद शर्मा का तत्काल प्रभाव से तबादला करने का निर्देश दिया।

बागपत के थाना चांदीनगर के निरीक्षण के दौरान हथियार देखते डीआईजी। सौ. पुलिस

बागपत के थाना चांदीनगर के निरीक्षण के दौरान हथियार देखते डीआईजी। सौ. पुलिस

HighLights

  1. बागपत के चांदीनगर थाने के वार्षिक निरीक्षण के दौरान हुई यह घटना।

  2. तार चोर गिरोह के विरुद्ध की कार्रवाई की सराहना कर और धरपकड़ करने के निर्देश दिए। 

संवाद सूत्र, चांदीनगर (बागपत)। डीआईजी कलानिधि नैथानी के सामने एक दारोगा को मुस्कुराना भारी पड़ गया। डीआईजी ने दारोगा का तत्काल प्रभाव से देहात के छपरौली थाने ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। डीआईजी ने गढ़ी कलंजरी के अजय यादव की हत्या के मुख्य आरोपित पर इनाम घोषित करने के निर्देश भी दिए।

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बुधवार को चांदीनगर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। दो अक्टूबर को गढ़ी कलंजरी के अजय यादव की हत्या के फरार मुख्य आरोपित लवदीप शर्मा की गिरफ्तारी शीघ्र करने व उस पर इनाम घोषित करने के भी निर्देश दिए। गंभीर अपराधिक घटनाओं की समीक्षा की गई।

इस दौरान दारोगा आनंद शर्मा के मुस्कुराने पर डीआईजी ने उन्हें छपरौली थाने ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। आनंद शर्मा की तैनाती एसपी कार्यालय में है। हालांकि दारोगा का अपनी सफाई में कहना था कि वह मुस्कुरा नहीं रहे थे, उनका चेहरा ही ऐसा है।

डीआईजी ने तार चोर गिरोह के विरुद्ध की गई कार्रवाई की सराहना कर और धरपकड़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना परिसर, मैस, बैरक, थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, मिशन शक्ति केन्द्र और साइबर हेल्प डेस्क आदि का मुआयना किया। साथ ही विवेचकवार विवेचनाओं की समीक्षा की गई। ग्राम प्रहरियों से संवाद कर प्रोत्साहन स्वरूप कंबल भेंट किए।

उन्होंने यक्ष एप पर फीडिंग करने और सटीक जानकारी देने पर सिपाही कपिल भाटी, ग्राम प्रहरी मोबिन निवासी ढिकौली और भेड़ापुर के हरपाल को सटीक जवाब देने पर इनाम की घोषणा की। इस दौरान एसपी सूरज कुमार राय, एएसपी प्रवीण कुमार, सीओ रोहन चौरसिया, थाना प्रभारी राकेश कुमार समेत समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

यह भी पढ़ें- 51 कॉल, 1000 रुपये का सांप, 12 गवाह और 540 दिन बाद अमित के कत्ल में पत्नी व उसका प्रेमी दोषी; पूरी इनसाइड स्टोरी

फरियादियों को थाने के बाहर रोका

डीआईजी कलानिधि नैथानी जिस समय थाने का निरीक्षण कर रहे थे, उस समय दो फरियादी आए, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने थाने के बाहर ही रोक लिया। उन्होंने दो बजे के बाद आने की बात कहकर वापस भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- राजकुमार@100: जानी! हम नहीं चाहते हमारी जवानी बीमार पड़े... 'जवान राजकुमार' वेद थापर ने साझा किए एक्टर के अनसुने किस्से