विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागपत: CJP Protest को दिल्ली जाने से रोकने के लिए 28 ट्रेन रद, बार्डर सील करने के साथ-साथ 51 नेताओं को किया हाउस अरेस्ट

By Kapil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 10 Oct 2026 07:04 PM (GMT+05:30)

Baghpat News: दिल्ली में जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में लोगों को जाने से रोकने के लिए 28 ट्रेनें रद्द ...और पढ़ें

सूना पड़ा बागपत रोड रेलवे स्टेशन।

सूना पड़ा बागपत रोड रेलवे स्टेशन।

HighLights

  1.  भाकियू ने कलक्ट्रेट पर किया धरना-प्रदर्शन, स्टेशनों पर आरएएफ का डेरा।

  2.  एडीएम व एएसपी ने इकोनामिक काॅरिडोर पर की वाहनों की चेकिंग।

जागरण संवाददाता, बागपत। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए हर हथकंडा अपनाया गया। 28 ट्रेन रद तथा सीमाएं सील की गई। विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों के 51 नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया। एडीएम राजीव कुमार राय व एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने खुद दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर पर वाहनों की चेकिंग की।

भाकियू ने कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। रेलवे स्टेशनों पर आरएएफ ने डेरा डाला, दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खुफिया तंत्र सक्रिय है।

काॅकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन की घोषणा के मद्देनजर रेल यातायात प्रभावित रहा। दिल्ली, शामली, सहारनपुर, हरिद्वार को आने-जाने वाली 28 ट्रेनों को रद रखा गया। इससे बागपत रोड, खेकड़ा, बडौत व अन्य रेलवे स्टेशन पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।

बड़ी संख्या में यात्री स्टेशनों से वापस लौटकर यात्री बसों व अन्य वाहनों से अपने गंतव्य को गए। सुरक्षा की दृष्टि से स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी तैनात रही। ट्रेनों के रद रहने से सबसे ज्यादा नौकरी पेशा लोगों को ज्यादा दिक्कत हुई। बड़ी संख्या में ट्रेनों में दैनिक यात्री सफर करते हैं, जिन्हें अपनी ड्यूटी पर पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।

सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र देव यादव, पूर्व युवा जिलाध्यक्ष तरुण यादव, महिला जिलाध्यक्ष सीमा यादव, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह आदि नेताओं और कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया गया। वहीं भाकियू के जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर के नेतृत्व में पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें- 162 टायर वाले 'बाहुबली' ट्रक के संचालन में लगा 15 लोगों का स्टाफ, 20 घंटे बाद एक्सप्रेस-वे पर मिली एंट्री

उन्होंने कहा कि धरना देना जनता का लोकतांत्रिक अधिकार है, जिनकी सुनवाई करने के बाद जांच कर उचित कार्रवाई करें। उन्होंने 11 मांगों को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन बागपत एसडीएम दिग्विजय सिंह को सौंपा।

यह भी पढ़ें- 'चाहे 2 दिन लगें या 6, DM से मिलकर ही धरने से उठेंगे' मेरठ में CEC के खिलाफ प्रदर्शन के बाद BKU कार्यकर्ताओं का ऐलान

ये ट्रेनें रही रद

  • रेलवे की ओर से रद्द की गई ट्रेनें नंबर 64091, 64023, 74021, 64025, 64035, 14305, 64029, 64093, 64033, 14545, 64027, 64021, 74023, 54057, 64020, 54058, 64022, 74022, 64034, 14546, 64026, 64090, 14306, 64036, 64024, 74024, 64092 और 64028 शामिल रहीं।

इन्होंने कहा

धरना-प्रदर्शन में दिल्ली कोई नहीं गया। विभिन्न राजनैतिक पार्टियों व सामाजिक संगठनों के 51 नेता व कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है। दिनभर जनपद की सीमाएं सील रही। दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर के काठा टोल प्लाजा पर मैंने खुद एडीएम के साथ मिलकर वाहनों की चेकिंग की।- प्रवीण सिंह चौहान, एएसपी