विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए बागपत में 76 करोड़ से लगेगा एसटीपी, रोज 2 करोड़ लीटर गंदा पानी करेगा साफ

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:48 AM (GMT+05:30)

बड़ौत क्षेत्र में यमुना नदी को प्रदूषण से बचाने और जलनिकासी सुधारने के लिए 76 करोड़ रुपये की लागत से 20 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। 

इस तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए AI टूल Gemini से बनाया गया है।

इस तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए AI टूल Gemini से बनाया गया है।

HighLights

  1. बड़ौत में 20 एमएलडी क्षमता का एसटीपी प्रस्तावित।

  2. यमुना प्रदूषण रोकने को 76 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट।

  3. जोनमाना गांव के पास एसटीपी के लिए जमीन चिह्नित।

जागरण संवाददाता, बागपत। यमुना नदी को प्रदूषण से बचाने और बड़ौत क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। शहर और आसपास के गांवों से निकलने वाले गंदे पानी को अब सीधे नदी में जाने से रोकने की योजना तैयार की गई है।

इसके लिए 76 करोड़ रुपये की लागत से 20 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने का प्रस्ताव बनाया गया है। प्लांट में सीवेज को शोधित करने के बाद ही पानी को यमुना में छोड़ा जाएगा।

एसटीपी स्थापित करने के लिए जोनमाना गांव के पास जमीन चिह्नित की गई है। प्रस्तावित प्लांट की क्षमता प्रतिदिन दो करोड़ लीटर पानी को शोधित करने की होगी।

इससे बड़ौत शहर से निकलने वाले घरेलू गंदे पानी के निस्तारण की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अभी तक नालों और जलनिकासी के माध्यम से निकलने वाला दूषित पानी यमुना की ओर पहुंचता है। एसटीपी बनने के बाद बिना शोधित पानी को नदी में जाने से रोकने में मदद मिलेगी।

यमुना प्रदूषण की प्रमुख वजहों में शहरों और ग्रामीण आबादी से निकलने वाला बिना शोधित सीवेज भी शामिल है। घरेलू अपशिष्ट और गंदे पानी के लगातार नदी में पहुंचने से जलीय पर्यावरण और पानी की गुणवत्ता प्रभावित होती है।

ऐसे में बड़ौत में एसटीपी की स्थापना पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से अहम साबित हो सकती है। साथ ही क्षेत्र में सीवेज प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था विकसित होने से भविष्य में बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- प्रेमनगर बनेगा नगर पालिका, सीएम धामी ने किया ऐलान, कैंट क्षेत्र को मिली 48 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

नगर पालिका के ईओ मनोज रस्तोगी ने बताया कि बड़ौत के पास 20 एमएलडी क्षमता के एसटीपी की स्थापना के लिए लगभग 76 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। जोनमाना के पास प्लांट के लिए जमीन चिह्नित की गई है। परियोजना के माध्यम से शहर और आसपास के संबंधित गांवों के गंदे पानी का शोधन करने की योजना है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

एक नजर में परियोजना

  • एसटीपी की प्रस्तावित क्षमता : 20 एमएलडी
  • अनुमानित लागत : 76 करोड़ रुपये
  • प्रतिदिन शोधन क्षमता : दो करोड़ लीटर
  • जमीन : जोनमाना गांव के पास
  • वर्तमान स्थिति : प्रस्ताव बनाकर भेजा गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।