बागपत के बड़ौत की हवा हुई जहरीली, सिस्टम बेपरवाह; देश के टॉप-5 प्रदूषित शहरों में पहुंचा
बड़ौत शहर देश के शीर्ष-5 प्रदूषित शहरों में शामिल हो गया है, जहां प्रदूषण का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है।

HighLights
बड़ौत देश के शीर्ष-5 प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल।
निर्माण कार्य और जनरेटर प्रदूषण के मुख्य कारण।
प्रदूषण रोकथाम के ठोस इंतजामों का अभाव।
जागरण संवाददाता, बड़ौत। सीपीसीबी एक्यूआई बुलेटिन मंगलवार को बड़ौत शहर के लिए अच्छी खबर लेकर नहीं आया। कई दिनों के उतार-चढ़ाव के बाद मंगलवार को बड़ौत का प्रदूषण इस कदर बढ़ा कि शहर देश के टाप-5 प्रदूषित शहरों की सूची में शुमार हो गया।
हालात ऐसे हैं कि लोगों के सामने सवाल खड़ा हो गया है कि घर की देहरी लांघें या खुद को घर के अंदर ही कैद रखें। विडंबना यह है कि प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बावजूद शहर में रोकथाम के ठोस इंतजाम दिखाई नहीं दे रहे हैं।
लगभग दो लाख की आबादी वाले बड़ौत में साफ हवा अब बड़ी जरूरत बन गई है। शहर में कहीं निर्माण कार्यों से धूल के गुबार उठ रहे हैं तो कहीं जनरेटरों से निकलता काला धुआं वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। छपरौली चुंगी पर निर्माणाधीन पुल के आसपास धूल का गुबार आम है।
वाहनों की आवाजाही से धूल हवा में फैल रही है, लेकिन निर्माण स्थल पर धूल नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम नजर नहीं आते। दूसरी ओर जनरेटरों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण की समस्या को और गंभीर बना रहा है। इसका असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है।
स्कूल जाने वाले बच्चों को सुबह और छुट्टी के समय प्रदूषित वातावरण से गुजरना पड़ता है। बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की मुश्किलें भी बढ़ रही हैं। राहगीर सौरभ जैन ने बताया कि दोपहिया वाहन से गुजरते समय धूल सीधे चेहरे पर आती है। सबसे ज्यादा चिंता स्कूली बच्चों की है, जिन्हें रोज इसी वातावरण से होकर गुजरना पड़ता है।
एस्रो के निदेशक संजय राणा, आंखें संस्था (पर्यावरण) के संस्थापक आरआरडी उपाध्याय ने बताया कि प्रशासन को प्रदूषण की रोकथाम को कड़े कदम उठाने होंगे। बड़ौत शहर के लोगों को प्रदूषण से छुटकारा दिलाने के लिए फाइलों में नहीं जमीन पर काम करना होगा।
जवाब मांग रहे हैं सवाल
आखिर निर्माण स्थलों पर नियमित छिड़काव की निगरानी कौन कर रहा है? काला धुआं छोड़ने वाले जनरेटरों की जांच क्यों नहीं हो रही? प्रदूषण के स्रोत खुलेआम मौजूद हैं तो जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई कहां है? केवल आंकड़े जारी करने और छिड़काव के दावे करने से समस्या खत्म नहीं होगी। बड़ौत को कागजी कार्रवाई नहीं, प्रदूषण के स्रोतों पर जवाबदेह और प्रभावी कार्रवाई चाहिए। आखिर दो लाख लोगों की सांसों की जिम्मेदारी कौन लेगा?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।