बागपत में गजब फर्जीवाड़ा: कॉलेज आए बिना 14 साल से सैलरी ले रहे थे शिक्षक, अफसरों को नहीं लगी भनक
बागपत के बीपी इंटर कॉलेज बिजवाड़ा में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है, जहां दो शिक्षक 14 और 7 साल से बिना स्कूल आए वेतन ले रहे थे।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दो शिक्षक 14 और 7 साल से अनुपस्थित रहकर वेतन ले रहे थे।
एक शिक्षक की शिकायत पर यह बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया।
डीआईओएस ने बर्खास्तगी और वेतन वसूली के आदेश जारी किए।
जागरण संवाददाता, बागपत। बीपी इंटर कॉलेज बिजवाड़ा के विद्यालय के ही एक शिक्षक की शिकायत पर ऐसे फर्जीवाड़े का राजफाश हुआ है, जिससे सुनकर हर कोई हैरान है। एक शिक्षक 14 साल और एक शिक्षिका सात साल से विद्यालय नहीं आए और नियमित रूप से उनका वेतन जारी होता रहा। यह मामला जांच में सच पाया गया, तो तमाम अधिकारी जांच के घेरे में आ गए। इतने लंबे समय से शिक्षकों का वेतन जारी होता रहा, लेकिन प्रधानाचार्य से लेकर प्रबंध समिति तक सब आंख मूंदे रहे। अब डीआईओएस ने शिक्षकों को बर्खास्त करने के आदेश जारी किए हैं।
इस फर्जीवाड़े को सामने लाए शिक्षक सुभाष चंद्र, वह बीपी इंटर कॉलेज बिजवाड़ा में तैनात हैं। उन्होंने करीब एक माह पहले शिक्षा अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत की कि उनके कालेज के शिक्षक परमजीत सिंह और शिक्षा चेतना सक्सेना लंबे समय से बगैर ड्यूटी किए वेतन ले रहे हैं। डीआईओएस राजीव कुमार यादव ने इस मामले की जीआईसी के प्रधानाचार्य अंतरिक्ष कुमार के नेतृत्व में गठित कमेटी से जांच कराई।
डीआईओएस के मुताबिक जांच में सामने आया कि शिक्षक परमजीत सिंह की नियुक्ति मृतक आश्रित कोटे से वर्ष 2012 में हुई थी, जबकि शिक्षिका चेतना सक्सेना की नियुक्ति उ.प्र. शिक्षा सेवा चयन आयोग से वर्ष 2017 में हुई थी। गजब बात यह है कि नियुक्ति के दिन से आज तक दोनों ही विद्यालय नहीं आए।
हैरतजनक यह है कि दोनों शिक्षकों को उसी दिन से नियमित रूप से वेतन जारी हो रहा है। परमजीत 14 साल से और चेतना सात साल से घर बैठे तनख्वाह ले रहे थे। सवाल यह है कि वेतन की प्रक्रिया कई अफसरों की टेबल से गुजरती है, लेकिन इतना लंबा समय गुजरने के बाद इस पर किसी की नजर नहीं पड़ी।
प्रधानाचार्य, प्रबंधक की संस्तुति के साथ ही सहायक वित्त लेखाधिकारी, डीआईओएस और कोषागार की मुहर लगने के बाद ही कॉलेज स्टाफ का वेतन जारी होता है। यह पूरा मामला सामने आने के बाद कॉलेज से लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय तक खलबली मची हुई है।
डीआईओएस राजीव कुमार यादव ने बताया कि दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। प्रबंधक निर्भय सिंह को दोनों को बर्खास्त करने के लिए निर्देशित किया है। शिक्षकों से वेतन के रूप में निकाली गई धनराशि की वसूली करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। दोनों शिक्षकों पर वेतनमान के रूप में करोड़ों की धनराशि बैठ रही है।
जांच हुई तो शिक्षिका ने भिजवा दिया इस्तीफा
फर्जीवाड़े की जांच हुई तो शिक्षिका चेतना सक्सेना ने कॉलेज में अपना इस्तीफा भिजवा दिया है। जांच अधिकारी ने प्रकरण की जांच में पाया था कि उक्त शिक्षिका मेरठ में काेचिंग सेंटर संचालित करती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।