डीएम के बाद एसपी का भी ट्रांसफर, मुजफ्फरनगर भेजे गए सूरज कुमार राय, पूर्णेन्दु सिंह बने बागपत के नए कप्तान
बागपत के एसपी सूरज कुमार राय का मुजफ्फरनगर एसएसपी के पद पर तबादला हो गया है, जबकि पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

सूरज कुमार राय (बाएं) और पूर्णेन्दु सिंह (दाएं)
HighLights
एसपी सूरज कुमार राय का मुजफ्फरनगर एसएसपी पद पर तबादला।
पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया।
राय के कार्यकाल में कई आपराधिक घटनाओं का सफल निस्तारण हुआ।
जागरण संवाददाता, बागपत। डीएम अस्मिता लाल के बाद अब एसपी सूरज कुमार राय का भी ट्रांसफर हो गया है, उन्हें मुजफ्फरनगर का एसएसपी बनाया गया है। वहीं बागपत के नए एसपी पूर्णेन्दु सिंह बनाए गए हैं।
एसपी सूरज कुमार राय जनपद में 17 अप्रैल 2025 से कार्यरत हैं। जिले में इतनी लंबी अवधि कम ही पुलिस अधीक्षक पूरा कर पाए हैं। उनके कार्यकाल में चुनौतीपूर्ण कई आपराधिक घटनाएं हुईं।
बड़ौत में व्यापारी पुत्र की हत्या के बाद लोगों ने हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी को मौत की नींद सुला दिया गया। लहचौड़ा के मंदिर में पुजारी ने दो दोस्तों की हत्या की। ईपीई पर हादसे में 14 श्रद्धालुओं की जान गई।
पुलिस ने इनामी विपुल खूनी समेत दो बदमाशों काे मुठभेड़ में ढेर किया। पुरा के प्राचीन परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में कांवड़ मेले सकुशल संपन्न कराए गए। इस वर्ष श्रावणी मेले के समय का उनका एक वीडियो काफी चर्चाओं में रहा।
उन्होंने कहा कि बागपत में अच्छा अनुभव रहा है। बहुत कुछ सीखने को मिला। अलग-अलग तरह की आपराधिक घटनाएं हुईं। हत्या की घटनाएं काफी हुईं, जिनमें से सिर्फ दो घटनाओं का राजफाश नहीं हो सका। यहां के लोग बहुत ही मिलनसार हैं।
युवा प्रतिभा के धनी हैं। यहां पर जो सहयोग और अनुभव मिला, जीवन में कभी भुला नहीं पाएंगे। परशुरामेश्वर महादेव के आशीर्वाद और बेहतर पुलिसिंग का ही नतीजा है कि उनका प्रमोशन हुआ है। वहीं डीजीपी के स्टाफ आफिसर-टू पूर्णेन्दु सिंह को बागपत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
