सरकारी स्कूलों में बेटियां पढ़ेंगी कानून का पाठ, जन्मदिन पर काटा जाएगा केक; जारी हुआ मीना मंच का कैलेंडर
बागपत के 198 उच्च प्राथमिक और कंपोजिट स्कूलों में बेटियों को सशक्त बनाने के लिए कानून की जानकारी दी जाएगी।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
198 स्कूलों में बेटियों को कानून की जानकारी मिलेगी।
बाल विवाह, घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट पर जागरूक किया जाएगा।
हर माह के अंतिम शनिवार को बेटियों का जन्मदिन मनेगा।
जागरण संवाददाता, बागपत। 198 उच्च प्राथमिक तथा कंपोजिट स्कूलों स्कूलों में बेटियों को सशक्त बनाने की कवायद तेज हो गई। इसी क्रम में बेटियों को कानून की जानकारी देकर सशक्त बनाने का काम होगा। हर माह के अंतिम शनिवार को स्कूलों में सामूहिक रूप से बेटियों का जन्म दिन भी मना करेगा।
समग्र शिक्षा राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने उच्च प्राथमिक स्कूलों के लिए मीना मंच का कैलेंडर जारी कर बागपत समेत सभी बीएसए से अनुपालन का निर्देश दिया। उच्च प्राथमिक तथा कंपोजिट स्कलों में 8वीं तक की छात्राओं को बाल विवाह, घरेलू हिंसा, गुड टच, बेड टच तथा पाक्सो एक्ट, पुलिस हेल्पलाइन व चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर, दहेज प्रथा की बुराई तथा एफआइआर तथा मौलिक अधिकारों की जानकारी देने का काम होगा।
बेटियों को पास के रेलवे स्टेशन, पुलिस स्टेशन, कलक्ट्रेट समेत विभिन्न सरकारी कार्यालयों तथा अस्पतालों तथा अन्य ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराने का निर्देश दिया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रति भी बेटियों में दिलचस्पी पैदा करने का काम होगा। अच्छी बात यह है कि हर माह के अंतिम शनिवार को उसे महीने में जन्मी सभी बेटियों का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाए। इससे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का सपना साकार भी होगा।
बेटियां निकालेंगी अखबार
राज्या परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने बीएसए को भेजे पत्र में कहा कि बेटियों को विभिन्न स्थानों की विजिट कराने के बाद प्राप्त सूचनाओं के आधार पर उनसे अखबार तैयार कराया जाएगा। बेटियों में जिज्ञासा पैदा कर उनकी प्रतिभा को निखारना उद्देश्य है।
