बागपत: स्कूल में सहपाठी ने छात्रा के पेट में मारी लात, 14 दिन बाद इलाज के दौरान मौत
बागपत में स्कूल में सहपाठी द्वारा पेट में लात मारने से कक्षा छह की छात्रा मिस्टी की 14 दिन बाद मेरठ के अस्पताल में मौत हो गई।
-1794426183140_m.webp)
मिस्टी, फाइल फोटो
HighLights
छात्रा मिस्टी को सहपाठी ने पेट में लात मारी थी।
घटना के 14 दिन बाद मेरठ अस्पताल में हुई मौत।
परिजनों ने स्कूल में मारपीट को मौत का कारण बताया।
जागरण संवाददाता, बागपत। उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहपाठी छात्रा द्वारा पेट में लात मारने से कक्षा छह की छात्रा की हालत बिगड़ गई। घटना के 14 दिन बाद मेरठ के अस्पताल में घायल छात्रा की मौत हो गई। उसके शव को पुलिस ने कब्जे में लिया है। अस्पताल से दस्तावेज प्राप्त होने के बाद गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
हमीदाबाद उर्फ नयागांव निवासी पवन कुमार की 12 वर्षीय पुत्री मिस्टी गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ती थी। गत 28 अक्टूबर को विद्यालय में जाते समय हाथ लगने पर मुस्लिम समाज की एक सहपाठी छात्रा से उसकी कहासुनी हो गई थी।
उसी समय छात्रा ने मिस्टी को जमीन पर गिराकर पेट व सीने में लात मार दी, तब मिस्टी ने घटना की जानकारी स्कूल स्टाफ को नहीं दी थी। घर पहुंचकर पूरे मामले से अवगत कराते हुए पेट में दर्द होने की शिकायत की थी। स्वजन ने पहले जिला अस्पताल, फिर बड़ौत के अस्पताल में उपचार कराया।
चार नवंबर को उसे रेफर करने के बाद सुभारती अस्पताल मेरठ में भर्ती करा दिया था। बुधवार सुबह करीब चार बजे मिस्टी की मौत हो गई। उसके शव को लेकर स्वजन गांव पहुंचे और घटना की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच कर छात्रा के शव को कब्जे में लिया।
यह भी पढ़ें- बागपत के बड़ौत की हवा हुई जहरीली, सिस्टम बेपरवाह; देश के टॉप-5 प्रदूषित शहरों में पहुंचा
स्वजन का आरोप है कि स्कूल में हुई मारपीट के कारण ही छात्रा मिस्टी की जान गई है। उनकी मांग है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए। मिस्टी के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वह पांच बहनों में चौथे नंबर की थी।
छात्रा की स्कूल में सहपाठी छात्रा द्वारा पिटाई किए जाने की मौखिक शिकायत की गई है। छात्रा के शव का गुरुवार को सुभारती अस्पताल से मेडिकल दस्तावेज आने के बाद पोस्टमार्टम होगा। छात्रा को बुखार की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से छात्रा की मौत के कारण का सही पता चलेगा।- मनोज कुमार चाहल, प्रभारी कोतवाली बागपत
छात्रा मिष्टी अपनी माता के साथ दो नवंबर को विद्यालय आई थी। मां ने अवगत कराया था कि बेटी के पेट में एक अन्य छात्रा ने लात मारी है। आरोपित छात्रा को उसी समय बुलवाकर जानकारी की गई। छात्रा ने बताया था कि उसने जान-बूझकर मिष्टी के पेट में लात नहीं मारी। छात्रा ने कान पकड़कर अपनी गलती भी मानी थी, उस समय मिष्टी को बुखार भी हो रहा था। उसके बाद दो दिन मिस्टी विद्यालय भी आई थी।- मिनाक्षी, प्रधानाध्यापक, उच्च प्राथमिक विद्यालय हमीदाबाद उर्फ नयागांव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।