बागपत में किराने की दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दो सिलिंडर फटे; मां-बेटी की मौत
बागपत के खेकड़ा कस्बे में एक किराना दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिससे दो सिलिंडर फटने से भगदड़ मच गई।
HighLights
खेकड़ा में किराना दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग।
आग लगने से दो सिलिंडर फटे, मची भगदड़।
दम घुटने से पुत्रवधू और पौत्री की दुखद मौत।
जागरण संवाददाता, बागपत। खेकड़ा कस्बे के बाजार चौकी के निकट एक दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित किराना की दुकान में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई।
इस घटना में दो सिलिंडर फट गए, जिससे भगदड़ मच गई। आग से दम घुटने के कारण दुकानदार की पुत्रवधू स्वाति जैन और पौत्री अनन्या जैन की मौत हो गई। उनका बेटा अंकुर जैन और एक श्रमिक जाहिद झुलस गए।
घटना गुरुवार सुबह करीब आठ बजे हुई। उस समय दुकानदार विनय जैन और उनकी पत्नी पुष्पा जैन घर से बाहर थे। दुकान पर अंकुर जैन और जाहिद मौजूद थे, जबकि स्वाति और अनन्या प्रथम तल पर थीं।
अचानक आग लगने से अंकुर और जाहिद बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन स्वाति और अनन्या नहीं बच सकीं। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया और रेस्क्यू कर स्वाति और अनन्या को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
माना जा रहा है कि दम घुटने से उनकी जान गई। एसडीएम सुरभि शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। डीएम दिव्यांशु पटेल और एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने भी घटना स्थल का मुआयना किया।
इस घटना से कस्बे में शोक का माहौल है। व्यापारी पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे हैं और प्रशासन से मदद की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- सीमापुरी बिल्डिंग हादसा: 'मैं जिंदा हूं... मुझे बचा लो', गुलाफ्शां की चीख-पुकार बयां कर रही हादसे का भयावह मंजर
