सरकारी खाते के चेक बांटकर लीव पर चली गई एएनएम, फर्जीवाड़े के आरोप पर एसएसपी ने शुरू कराई जांच
बागपत में एक एएनएम पर सीएचओ के सरकारी बैंक खाते से चेक चुराकर फर्जी हस्ताक्षर से लाखों रुपये के चेक ...और पढ़ें

HighLights
एएनएम पर सीएचओ के सरकारी चेक चुराने का आरोप।
लाखों रुपये के फर्जी हस्ताक्षर वाले चेक बांटे गए।
एएसपी ने एंटी फ्राड सेल से जांच शुरू कराई।
जागरण संवाददाता, बागपत। स्वास्थ्य विभाग में फर्जीवाड़ा सामने आया है। एएनएम (आक्सिलरी नर्स मिडवाइफ) ने सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ आफिसर) के सरकारी बैंक खाते की चेक बुक प्राप्त कर फर्जी हस्ताक्षर का चेक अपने परिचितों को मोटी रकम भरकर बांट दिए। इसका उस समय पता चला जब चेक बैंक में बाउंस हो गया। सीएचओ की शिकायत पर एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने एंटी फ्राड सेल से जांच शुरू करा दी है। वहीं, आरोपित एएनएम छुट्टी लेकर चली गई।
यह है पूरा मामला
ग्राम सिसाना निवासी गीता ने बताया कि वह ग्राम ब्राह्मण पुट्ठी के आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर में सीएचओ के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि उनके साथ कार्य करने वाली एएनएम शालू ने उनके सरकारी खाते की चेक बुक से कई चेक चोरी करके अपने मिलने वालों को दे दिए।
एक चेक में 23 लाख रुपये, दूसरे में 13 लाख रुपये और तीसरे में 26 लाख रुपये अंकित हैं। चौथा चेक खाली व अन्य चेक पर अपनी मुहर लगाकर व उनके फर्जी हस्ताक्षर कर जारी किए हैं।
पिछले दिनों एक व्यक्ति ने फोन करके जानकारी दी कि आपके द्वारा दिया गया चेक एएनएम के माध्यम से प्राप्त हुआ था, जो बैंक में बाउंस हो गया है। इसके बाद व्यक्ति को अवगत कराया गया उनके द्वारा ऐसा कोई चेक नहीं दिया गया है। एएनएम से जानकारी की तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। तरह-तरह के बहाने बनाए गए।
उधर, एएनएम शालू का कहा कि उस पर लगाए गए आरोप गलत है। इस संबंध में शिकायतकर्ता पक्ष से बातचीत हो गई है। वहीं चेक किस उदे्श्य से लोगों को दिए गए, इसकी सटीक जानकारी नहीं दी गई।
ग्राम सचिव से 3.71 लाख हड़पने पर दर्ज हुआ था मुकदमा
ग्राम पंचायत अधिकारी नीता सिंह ने आरोप लगाया था कि एएनएम शालू ने अपने ममेरे भाई के ब्रेन हेमरेज का इलाज कराने के बहाने पांच लाख रुपये उधार लिए थे। वर्तमान में 3.71 लाख रुपये बकाया है।
रुपये का तगादा करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर 10 दिन पहले एएनएम शालू व उसके पति समेत तीन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस विवेचना कर रही है।
सीएचओ गीता ने सरकारी चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर कई लोगों को दिए जाने की एएनएम शालू की शिकायत की है। इस मामले की पहले जांच एंटी फ्राड सेल से कराई जा रही है। जांच में सत्यता मिली तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-प्रवीण सिंह चौहान, एएसपी
एएनएम शालू छुट्टी पर हैं, जिनको बीमार बताते हुए उनके पति मेडिकल देकर गए हैं। चेक के फजीवाड़े का मामला संज्ञान में नहीं है। ऐसा है तो उच्चाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
-डाॅ. विभाष राजपूत, अधीक्षक सीएचसी बागपत
यह भी पढ़ें- जेसीईसीईबी ने जारी किए जीएनएम एएनएम प्रवेश परीक्षा परिणाम, शिखा दास और सोनी कुमारी बनीं टॉपर
यह भी पढ़ें- जमुई के स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बदले एएनएम पर पैसे मांगने का आरोप, नवजात की मौत पर परिजनों का हंगामा
