विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई के स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बदले एएनएम पर पैसे मांगने का आरोप, नवजात की मौत पर परिजनों का हंगामा

Published: Thu, 06 Aug 2026 11:23 AM (IST)

जमुई के खैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक एएनएम पर प्रसव और महिला स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पैसे मांगने का आरोप लगा है।

नवजात की मौत पर परिजनों का हंगामा

नवजात की मौत पर परिजनों का हंगामा

HighLights

  1. एएनएम पर प्रसव और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पैसे मांगने का आरोप।

  2. पैसे न देने पर लापरवाही से नवजात की मौत का आरोप।

  3. परिजनों ने खैरा सीएचसी में हंगामा कर जांच की मांग की।

संवाद सहयोगी, जमुई। खैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव एवं महिला स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान रूपये मांगने का मामला प्रकाश में आया है। दो अलग-अलग परिवारों ने एक एएनएम पर इलाज के बदले रुपये मांगने का आरोप लगाया। इस दौरान अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। 

हालांकि, रुपये लेने का कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य अब तक सामने नहीं आया है। मामला फिलहाल स्वजनों के आरोपों पर आधारित है, जिसकी विभागीय जांच कराई जाएगी।

एएनएम ने दो हजार रुपये की मांग की

बेला निवासी राजेश यादव ने बताया कि उनके ममेरे भाई की पत्नी बुधवार की संध्या प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थी। सुबह में उसे मृत बच्चा पैदा हुआ। आरोप है कि इस दौरान प्रसूता की देखभाल के नाम पर ड्यूटी पर मौजूद एएनएम ने दो हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर मरीज के साथ प्रसव कक्ष में लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया गया।

इसके अलावा हरनी गांव की सरिता देवी ने भी संबंधित एएनएम पर रुपये मांगने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि रातभर उनकी रिश्तेदार प्रसूता की देखभाल करने की बात कहकर खर्चा मांगा गया। उन्होंने एक हजार रुपये भेजवाए, लेकिन 1500 रुपये की मांग करते हुए वह राशि लेने से इनकार कर दिया गया। 

संबंधित कर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग

विरोध के बाद संबंधित कर्मी प्रसव कक्ष में चली गई। घटना के बाद स्वजनों ने अस्पताल प्रबंधन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित आनंद ने बताया कि अगर लिखित शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें- जमुई में लव मैरिज पर भड़का परिवार; बेटी के पुतले का किया दाह संस्कार, परिजनों ने सिर मुंडवाकर किया 'अंतिम संस्कार'