जेसीईसीईबी ने जारी किए जीएनएम एएनएम प्रवेश परीक्षा परिणाम, शिखा दास और सोनी कुमारी बनीं टॉपर
जेसीईसीईबी ने जीएनएम और एएनएम प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं, जिसमें शिखा दास और सोनी कुमारी ने ...और पढ़ें

जेसीईसीईबी ने जारी किया दोनों लिखित परीक्षाओं का परिणाम।
HighLights
जेसीईसीईबी ने जीएनएम, एएनएम प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित किए।
शिखा दास जीएनएम, सोनी कुमारी एएनएम की स्टेट टॉपर बनीं।
नामांकन के लिए दो चरणों की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू हुई।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) ने जीएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा तथा एएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। क्रमश: शिखा दास और सोनम कुमारी दोनों प्रवेश परीक्षाओं में सबसे अधिक अंक लाकर स्टेट टॉपर बनी हैं।
पर्षद ने परिणाम जारी करने के साथ ही नामांकन के लिए दो चरणों की काउंसिलिंग के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इन प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से राज्य सरकार के संस्थानों में शत-प्रतिशत तथा निजी संस्थानों की 50 प्रतिशत सीटों पर नामांकन होना है।
पर्षद द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, जीएनएम तथा एएनएम में नामांकन के लिए पहली काउंसिलिंग के तहत आनलाइन निबंधन तथा विकल्पों के भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 12 सितंबर तक चलेगी। अभ्यर्थी इसमें 13 सितंबर को संशोधन कर सकेंगे।
15 सितंबर को सीटों का आवंटन किया जाएगा तथा 16 से 19 सितंबर तक आवंटित संस्थानों में नामांकन होगा। पहली काउंसिलिंग से नामांकन के बाद रिक्त रह जानेवाली सीटों के लिए दूसरे चरण की काउंसिलिंग होगी।
इसके लिए 21 सितंबर को रिक्त सीटों की सूची प्रकाशित की जाएगी। 21 से 23 सितंबर तक आनलाइन निबंधन तथा विकल्प भरने की प्रक्रिया चलेगी। 25 सितंबर को सीटों का आवंटन होगा तथा 26 से 30 सितंबर तक नामांकन होगा।
पर्षद के अनुसार, काउंसिलिंग के दौरान विकल्प भरने की कोई सीमा निर्धारित नहीं है। अभ्यर्थियों को अधिक से अधिक विकल्प भरने का सुझाव दिया गया है। पर्षद ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिया है।
पहले पांच स्थानों पर रहनेवाले अभ्यर्थी
जीएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026
1. शिखा दास
2. स्वाति कुमारी
3. आनंद कुमार प्रजापति
4. हिमाग्नि शा
5. सुचिता रानी
एएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026
1. सोनी कुमारी
2. मोनिका महतो
3. लवली कुमारी
4. सुचिता रानी
5. आस्था कुमारी
