पति ने कैंची के वार से पत्नी को किया लहूलुहान, फिर उसकी गोद से 3 माह की मासूम को छीना और जमीन पर पटककर मार डाला
Baghpat News: बागपत के लुहारा गांव में पति-पत्नी के विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया, जहां पति ने पत्नी पर ...और पढ़ें

पत्नी के गले पर कैंची से किए कई वार।
HighLights
बागपत में पति-पत्नी विवाद में तीन माह की बच्ची की दर्दनाक मौत।
पुलिस ने बच्ची का शव पोस्टमार्टम हेतु भेजा, जांच जारी।
संवाद सूत्र, अमीनगर सराय (बागपत)। लुहारा गांव में बुधवार को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। युवक ने पत्नी के गले पर कैंची से कई वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। इसके बाद उसकी गोद में मौजूद तीन माह की बच्ची को उठाकर जमीन पर पटक दिया।
गंभीर चोट लगने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लुहारा गांव में खजूर वाली मस्जिद के पास वेल्डिंग का काम करने वाले सलमान का पत्नी शीबा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सलमान ने शिबा के गले पर कैंची से कई वार कर दिए। इसी दौरान उसने शीबा की गोद से तीन माह की बच्ची अलीवा को उठाकर जमीन पर फेंक दिया।
बच्ची की मौत होते ही आरोपित वहां से फरार हो गया। स्वजनों ने घायल शीबा का गांव में ही निजी चिकित्सक से उपचार कराया और उसके गले में टांके लगवाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो स्वजन ने हंगामा कर दिया और पोस्टमार्टम कराने से मना करने लगे।
यह भी पढ़ें- रात में परिवार संग सोया था किसान, सुबह गली में मिली कटी हुई लाश; हत्या से बुलंदशहर सनसनी
उनका कहना था कि बच्ची शीबा की गोद से गिरकर मरी है, इसलिए पोस्टमार्टम न कराया जाए। पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की मदद से शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
