विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रात में परिवार संग सोया था किसान, सुबह गली में मिली कटी हुई लाश; हत्या से बुलंदशहर सनसनी

By Bhupendra Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 17 Sep 2026 12:22 PM (IST)

Bulandshahr News: बुलंदशहर के शिकारपुर थाना क्षेत्र के रानाइच गांव में किसान की बेरहमी से हत्या कर दी गई, उनका क्षत-विक्षत शव घर के पास गली में मिला।

लालाराम का फाइल फाेटो, मौके पर मौजूद पुलिस

लालाराम का फाइल फाेटो, मौके पर मौजूद पुलिस

HighLights

  1. दायां पैर धड़ से अलग कर दूसरे पैर से बांधा गया था।

  2. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रानाइच में गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के ही 40 वर्षीय किसान लालाराम पुत्र मानिक चंद का शव उनके घर के निकट गली में क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। हमलावर लालाराम की बेरहमी से हत्या कर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन बिलख उठे।

गांव रानाइच निवासी 40 वर्षीय लालाराम खेती करते थे। उनके पास करीब 20 बीघा भूमि है। कुछ भूमि को वह बेच भी चुके थे। बुधवार रात उनकी धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह 4.30 बजे जब घर के निकट गली में उनका शव पड़ा हुआ मिला, तो उसका दायां पैर धड़़ से अलग था और उसे दूसरे पैर से बांधा गया था। यह स्थिति देखकर ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए। 

फाॅरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर शिकारपुर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और फाॅरेंसिक टीम ने घटनास्थल को घेराबंदी कर बारीकी से जांच-पड़ताल की और फिंगर प्रिंट्स समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्वजन से बातचीत की। एसएसपी ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर टीमों का गठन किया गया है।

पत्नी के अलावा है दो बेटे

ग्रामीणों ने बताया कि लालाराम के माता-पिता का पूर्व में ही देहांत हो चुका है। युवक के परिवार में उसकी पत्नी और दो बेटे हैं। जिनमें से बड़े बेटे की शादी हो चुकी है। लालाराम की हत्या किस रंजिश या कारण से की गई है। फिलहाल इसका राजफाश नहीं हो सका है।

पुलिस परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ कर पुरानी रंजिश या लेनदेन समेत सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है। वही अभी मामले में पुलिस को तहरीर भी नहीं मिली है।

कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। लालाराम बुधवार की रात पत्नी व बच्चों के साथ ही मकान में सोए थे। गुरुवार की सुबह उनका शव बाहर मिला है। संभावना है कि हत्यारोपित ने उन्हें घर के बाहर बुलाया और हत्या कर शव को वहां फेंक दिया।