मजदूरी और अखबार बांटने से शुरू हुआ UP के अमन कुमार का सफर UNO तक पहुंचा, UNICEF के नेशनल यूथ एडवाइजर बने
उत्तर प्रदेश के बागपत के ट्योढ़ी गांव के अमन कुमार को यूनिसेफ-युवा मंच की यंग पीपल्स एक्शन टीम में राष्ट्रीय ...और पढ़ें

कार्यक्रम में विचार व्यक्त करते बागपत निवासी अमन कुमार। सौ. स्वयं
HighLights
बागपत जिले के ट्योढ़ी गांव के निवासी हैं अमन कुमार, बेहद संघर्ष भरी रही है उनकी राह।
डिजिटल नवाचारों व युवा सशक्तिकरण के मिशन को यूनिसेफ से मिली बड़ी पहचान।
जागरण संवाददाता, बागपत। कड़े संघर्षों से उठकर युवा अमन कुमार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर जिले का मान बढ़ाया है। संयुक्त राष्ट्र संघ की प्रतिष्ठित संस्था यूनिसेफ ने अमन के असाधारण सामाजिक योगदान, नवाचारों और विशिष्ट उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें देश की शीर्ष युवा सलाहकार परिषद यंग पीपल्स एक्शन टीम में शामिल कर यूनिसेफ-युवा मंच का राष्ट्रीय सलाहकार चुना है।

अमन कुमार ने बताया की यूनिसेफ हाउस नई दिल्ली की वरिष्ठ अधिकारी नम्रता गोगोई ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी दी है। इसके अनुसार, देशभर से प्राप्त 6,000 से अधिक प्रस्तावित नामों के बीच कड़े मूल्यांकन और इंटरव्यू की चयन प्रक्रिया के बाद उनका चयन हुआ।
वर्तमान में माय भारत के युवा स्वयंसेवक अमन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से समाज कार्य का अध्ययन कर रहे हैं। इस नई भूमिका में अमन यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके अखबार बेचने से लेकर सामाजिक नवाचार तक के अनुभवों के आधार पर संयुक्त राष्ट्र एवं सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को इस प्रकार से आकार मिले, जिसमें ग्रामीण युवाओं की भागीदारी बढ़े।

संयुक्त राष्ट्र द्वारा वैश्विक स्तर पर संचालित जनरेशन अनलिमिटेड का भारतीय स्वरूप युवा मंच है। यह मंच भारत के करोड़ों युवाओं को कौशल विकास, आर्थिक अवसरों और सामाजिक बदलाव से जोड़ने का कार्य करता है।
इसकी सर्वोच्च सलाहकार समिति में शामिल होने के बाद अमन अब देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित होने वाली उन उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे, जहां भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, कॉर्पोरेट जगत और यूएन एजेंसियां एक साथ मिलकर राष्ट्रीय युवा नीतियों, कार्यक्रमों और अभियानों का खाका खींचती हैं।

अपनी इस नई भूमिका के जरिए अमन यह सुनिश्चित करेंगे कि वर्ष 2030 तक संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप देश का हर युवा शिक्षा, कौशल या बेहतर करियर से जुड़ सके।
बेहद संघर्ष भरी रही अमन की राह
बागपत जिले के ट्योढ़ी गांव के निवासी अमन कुमार की खुद की राह बेहद संघर्ष भरी रही। बागपत के गांवों में पढ़ाई के साथ कभी साइकिल पर अखबार बांटें तो कभी फैक्ट्री में मजदूरी की। अमन ने बहुत करीब से देखा कि कैसे गांव-देहात के अनगिनत प्रतिभावान बच्चे प्रतिभा होने के बावजूद केवल सही समय पर सही जानकारी और अवसर न मिलने के कारण पढ़ाई छोड़कर मजदूरी करने, बेरोजगारी, नशे, आत्मविश्वास की कमी और गंभीर मानसिक तनाव से जूझने को मजबूर हो जाते हैं।
अमन के अनुसार इस डिजिटल युग में सही समय पर सूचना न मिलना ही सबसे बड़ी असमानता और गरीबी है, जो किसी भी युवा से उसकी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का मौलिक अधिकार छीन लेती है। यहीं से अमन के जीवन का वह मिशन शुरू हुआ कि सूचना के अभाव में गांव का कोई भी युवा पीछे न छूटे। यूनिसेफ ने अमन के इसी मिशन को अब राष्ट्रीय पहचान दी है।
इस जिम्मेदारी पर अमन कुमार का कहना है कि उनकी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना रहेगी कि गांव-समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े वंचित युवाओं की आवश्यकताओं को राष्ट्रीय नीतियों में उचित प्रतिनिधित्व और प्राथमिकता मिले।
युवाओं को जनपद व राष्ट्र के विकास में भागीदारी के निरंतर अवसर, विश्वास और सहयोग मिले तथा नीतियां एवं योजनाएं ग्रामीण युवाओं की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर बनें ताकि देशभर के युवाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा मिले और कोई भी युवा पीछे न छूटे।
अमन के इस राष्ट्रीय चयन पर जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा, शिक्षाविद डॉ. सत्यवीर सिंह, अभय नाथ मिश्र सहित जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है।
यह भी पढ़ें- UP के अखबार बांटने वाले लड़के अमन ने UNESCO में लहराया परचम, 86 लाख युवाओं के सपनों को दे रहे नई उड़ान
अमन को मिले पुरस्कार एवं उपलब्धियां
- विवेकानंद राज्य युवा पुरस्कार, उप्र सरकार
- इंडियाज मोस्ट वैल्यूएबल यू-रिपोर्टर, यूनिसेफ
- यूथ चैंपियन पुरस्कार, आई वॉलंटियर इंडिया
- चेंजिंग चाॅक्स अवार्ड, ऋषिहुड यूनिवर्सिटी
- यूनेस्को की रिपोर्ट में अंतर्राष्ट्रीय पहचान
- यूनेस्को ग्लोबल यूथ कम्यूनिटी में सदस्य
- यूनेस्को एमआईअल अलायंस में सदस्य
- यूनेस्को आईपीएल नेटवर्क में सदस्य
- संचार प्रमुख, सत्यार्थी यूथ नेटवर्क
- राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, माय भारत
- टीम यूपी के विकसित भारत यूथ कैप्टन
- उप्र विधानसभा में यूथ आइकॉन सम्मान
- यूथ एम्बेसडर, माय गवर्नमेंट इंडिया
- चैप्टर समन्वयक, क्लाइमेट कार्डिनल्स
- अध्यक्ष, उड़ान यूथ क्लब, इंडिया
- कोर टीम, सूचना मित्र नेटवर्क, बागपत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।