'बेटी ने साथ जाने से किया इनकार तो...' नोएडा से आई खबर सुन भड़के पिता ने फावड़े से काट डाली प्रेमी के ताऊ की गर्दन
नोएडा से बरामद बेटी ने पिता के साथ घर लौटने से इनकार कर दिया, जिससे गुस्साए पिता ने प्रेमी के ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
एक साल पहले पड़ोसी युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी मीनू, गुरुवार सुबह नोएडा से बरामद कर लाई पुलिस
थाने में बेटी ने किया था पिता से इन्कार, गुस्से में गांव लौटे पिता ने शाम को घर के बाहर झाड़ू लगा रहे अवधेश पर किया हमला
संवाद सूत्र, सिलहरी (बदायूं)। एक साल से बेटी की बरामदगी के लिए थाने से एसएसपी कार्यालय तक चक्कर लगा रहे पिता का गुस्सा गुरुवार को खून बनकर बरसा। बेटी ने पुलिस के सामने पिता के साथ घर लौटने से साफ इन्कार कर दिया तो वह आपा खो बैठा। शाम को पड़ोसी युवक के ताऊ पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर उनकी गर्दन काट दी। हमले में अवधेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
वारदात के बाद आरोपित फावड़ा छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला। मूसाझाग क्षेत्र के गांव गुरगांव निवासी अमन 23 अक्टूबर 2025 को अपने पड़ोस में रहने वाली मीनू को लेकर घर से चला गया था। दोनों के मकान आमने-सामने हैं।
बेटी के घर छोड़कर जाने पर उसके पिता मुनेंद्र ने मूसाझाग थाने में अमन के विरुद्ध अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उधर, अमन के माता-पिता भी डर के कारण गांव छोड़कर दिल्ली चले गए थे। परिवार में उसके ताऊ अवधेश ही गांव में रह रहे थे।
बेटी की बरामदगी के लिए मुनेंद्र करीब एक साल से पुलिस के चक्कर लगा रहा था। पहले मामले की जांच हल्का दारोगा कर रहा था, बाद में इसकी जिम्मेदारी इंस्पेक्टर क्राइम को दे दी गई। गुरुवार सुबह करीब चार बजे पुलिस ने मीनू को नोएडा से बरामद कर लिया।
इसकी जानकारी मिलने पर मुनेंद्र थाने पहुंचा। वहां उसने बेटी को अपने साथ घर चलने और अपने पक्ष में बयान देने के लिए काफी समझाया, लेकिन मीनू ने उसकी बात मानने से साफ इन्कार कर दिया। उसने स्पष्ट कर दिया कि वह अमन के साथ ही रहना चाहती है और पिता के साथ नहीं जाएगी।
बेटी के इस फैसले से मुनेंद्र बुरी तरह झल्ला गया। वह गुस्से में थाने से गांव लौट आया। ग्रामीणों के मुताबिक, वह पहले से ही काफी आक्रोशित था। शाम करीब सात बजे अमन के ताऊ अवधेश अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रहे थे।
इसी दौरान मुनेंद्र हाथ में फावड़ा लेकर वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। उसने फावड़े से अवधेश की गर्दन पर लगातार कई वार किए। हमले में गर्दन कटने से अवधेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपित फावड़ा छोड़कर खेतों की ओर भाग चुका था। सूचना पर यूपी-112 और मूसाझाग थाना पुलिस पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। एक साल से चल रहे प्रेम प्रसंग में बेटी की बरामदगी के बाद पिता को उम्मीद थी कि वह उसके साथ घर लौट आएगी।
मगर, थाने में बेटी के फैसले ने उसका गुस्सा और बढ़ा दिया। इसका खामियाजा अमन के परिवार के उस सदस्य को भुगतना पड़ा, जो गांव में रह रहा था। पुलिस अब हत्या के पीछे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है।
आरोपित ने युवक के ताऊ की हत्या की है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आरोपित की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी
यह भी पढ़ें- बदायूं में 4 बच्चों को जन्म देने के बाद मां की मौत, एक नवजात ने भी तोड़ा दम; 3 बच्चे अस्पताल में भर्ती
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।