बदायूं: क्रिकेट खेलते-खेलते थम गई जिंदगी! मैदान पर दिल का दौरा पड़ने से रिटायर्ड सीओ की मौत
बदायूं में क्रिकेट खेलते समय रिटायर्ड सीओ मनोज कुमार सिंह का हार्टअटैक से निधन हो गया। डॉक्टरों ने सर्दियों में ...और पढ़ें

सीओ मनोज कुमार सिंह का फाइल फोटो। स्रोत इंटरनेट मीडिया
जागरण संवाददाता, बदायूं। शहर के इस्लामिया इंटर कालेज के मैदान में सद्भावना क्रिकेट मैच के दौरान रविवार कोे रिटायर्ड सीओ मनोज कुमार सिंह को अचानक हार्टअटैक पड़ गया। क्रिकेट खेलते-खेलते वह कोर्ट पर ही गिर पड़े। साथी खिलाड़ियों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हायर सेंटर बरेली रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मनोज कुमार सिंह बरेली की महानगर कालोनी में रहते थे। वह पुलिस विभाग में सीओ के पद रिटायर्ड हुए थे। चंदौसी में सीओ रहने से पहले उन्होंने बदायूं में शहर काेतवाली इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाली थी। पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं।
सेवानिवृत्त के बाद भी वह खुद को फिट रखने के लिए नियमित रूप क्रिकेट या वालीबाल खेलते थे। रविवार को वह इस्लामिया इंटर कालेज के मैदान में क्रिकेट खेलने आए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि क्रिकेट खेलते-खेलते ही उनकी जिंदगी की पारी खत्म हो जाएगी।
यह कोई पहली घटना नहीं है। रिटायर्ड अधिकारी तो थे, लेकिन कई युवा भी खेलते हुए हार्टअटैक से जान गंवा चुके हैं। इस पर डाक्टरों का साफ कहना है कि ठंड बढ़ रही है, ऐसे में अपना विशेष ध्यान रखें।
हृदय रोग विशेषज्ञ डाॅ. शरद कुमार गुप्ता ने बताया कि हमारा लाइफस्टाइल इतना बदल गया है कि उसका असर सीधे शरीर पर पड़ रहा है। कहते हैं कि जैसा खाओगे अन्न, वैसा बनेगा मन वाली कहावत को लोग नजरअंदाज कर रहे हैं।
हकीकत यह है कि बढ़ती ठंड में ही सबसे ज्यादा खतरा रहता है। इसी दौरान लोगों को सबसे ज्यादा सर्दी, खांसी और बुखार की दिक्कत रहती है। जो लोग शुगर, ब्लड प्रेशर के मरीज हैं, उन्हें विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
वह किसी भी प्रकार का तनाव न लें और अपनी उम्र व बीमारियों के हिसाब से ही वर्क करें। अगर एक्सरसाइज करते हैं तो भी ज्यादा भार लेने की जरूरत नहीं है। अपने हृदय, शुगर और बीपी की जांच कराते रहें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।