चुनाव से पहले बदायूं में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 26 इंस्पेक्टरों के साथ BDO भी बदले, बरेली से आए 13 निरीक्षक
बदायूं में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पुलिस और प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। 26 निरीक्षकों ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
शाहजहांपुर, बरेली और पीलीभीत समेत चार जिलों में मिली तैनाती, बरेली से 13 इंस्पेक्टर आए बदायूं
जागरण संवाददाता, बदायूं। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में बदायूं जनपद में तैनात 26 निरीक्षकों को गैर जनपद स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, बरेली परिक्षेत्र की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश में सभी निरीक्षकों को उनके नाम के सम्मुख निर्धारित जनपद में भेजा गया है।
इनमें बुलंदशहर, सहारनपुर, बागपत, एटा, मेरठ, हरदोई, गाजियाबाद, गोरखपुर, मथुरा, अयोध्या और मुजफ्फरनगर समेत विभिन्न जनपदों के मूल निवासी निरीक्षक शामिल हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए 31 मई 2027 तक की अवधि के लिए उन निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है, जिन्होंने निर्धारित चार वर्षों की अवधि में एक ही जिले में तीन साल नौकरी कर ली है।
इसी के चलते जिले में तैनात 26 निरीक्षकों को जिले से बाहर भेजा गया है। इसमें निरीक्षक सतीश कुमार यादव, अनिल कुमार, सुरेंद्र कुमार, संजीव कुमार दुबे, सुचेन मलिक, राहुल कुमार, नीरज कुमार, मनोज कुमार समेत कई अधिकारियों को शाहजहांपुर भेजा गया है।
वहीं अरिहंत कुमार सिद्धार्थ, सहनसरवीर सिंह, उदयवीर सिंह, विनोद कुमार मौर्य, धनंजय सिंह, विनोद कुमार वर्धन, अजय कुमार शर्मा और हरेंद्र सिंह को बरेली में तैनाती मिली है।
इसके अलावा ऋषिपाल सिंह, चमन गिरि, देवेंद्र कुमार, हरवीर सिंह, मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, शाहिद अली, अश्वनी कुमार और सौरभ सिंह को पीलीभीत तथा अन्य जनपदों में भेजा गया है।
वहीं शासन ने खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के तबादले किए हैं। प्रशासनिक फेरबदल के तहत बदायूं में तैनात दो खंड विकास अधिकारियों को गैरजनपद स्थानांतरित किया गया है, जबकि छह नए अधिकारियों की जिले में तैनाती हुई है।
शासन की ओर से 15 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार डॉ. मनीष सिंह वर्मा को बदायूं से आगरा और सर्वज्ञ अग्रवाल को पीलीभीत भेजा गया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद दोनों अधिकारियों को मंगलवार को कार्यमुक्त कर दिया गया।
शासन ने उन्हें नवीन तैनाती वाले जनपद में मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, गैरजनपद से स्थानांतरित होकर आए छह खंड विकास अधिकारियों ने बदायूं में ज्वाइन कर लिया है।
इनमें पवन कुमार, सुरेंद्र सिंह, वेद प्रकाश, मनीष दत्त, राजेंद्र सिंह और अतुल यादव शामिल हैं। इन अधिकारियों के आने से जिले के विकास खंडों में नई प्रशासनिक व्यवस्था लागू होगी।
आगामी चुनावों से पहले शासन स्तर पर किए जा रहे इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों की नई तैनाती से विकास कार्यों के संचालन और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- Mela Kakoda: पहचान बदायूं की, पर कासगंज के किसानों की जमीन पर बसता है ये 'मिनी कुंभ'