19,250 कारतूसों की जब्ती से हड़कंप: UP, बिहार और हरियाणा तक फैला अवैध हथियारों का जाल, अब NIA करेगी जांच
बिहार STF और हरियाणा पुलिस की रेड में 44,000 से ज्यादा कारतूस बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया है। ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
बदायूं में आरोपित के घर से रायफल, पोनिया और 778 कारतूस मिलने के बाद तीन राज्यों तक पहुंची जांच
जागरण संवाददाता, बदायूं। बिहार से शुरू हुए अवैध कारतूस तस्करी के मामले में अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) पूरे नेटवर्क की पड़ताल करेगी। हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार तक फैले इस नेटवर्क की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क (हरियाणा-उत्तर प्रदेश-बिहार) शामिल होने के कारण केंद्रीय गृह मंत्रालय और शीर्ष सुरक्षा स्तर पर इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) को सौंपी है।
एनआइए की टीम ने हरियाणा पहुंच कर मामले की जांच भी शुरू कर दी है। एनआइए कारतूसों के स्रोत, खरीद-फरोख्त, सप्लाई के रास्तों और इसमें शामिल लोगों की कड़ियां जोड़ रही हैं। इस मामले की शुरुआत दो नवंबर को बिहार के भोजपुर जिले के कोईलवर में हुई थी।
यहां बिहार एसटीएफ और भोजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक वाहन से 19,250 कारतूस और पिस्टल बरामद कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनमें मुजफ्फरपुर निवासी लल्टू कुमार भी शामिल था।
पूछताछ में उसने बदायूं के अफीफुद्दीन उर्फ बाबी उर्फ मुन्ना से कारतूस खरीदने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस और लोकेशन के जरिये उसके संपर्कों की पड़ताल शुरू की।
लल्टू के संपर्क और अफीफुद्दीन की लोकेशन हरियाणा के झज्जर में मिलने पर बिहार एसटीएफ ने हरियाणा एसटीएफ को सूचना दी। बिहार एसटीएफ से मिले इनपुट पर तीन नवंबर को हरियाणा एसटीएफ ने रोहतक-दिल्ली रोड स्थित रोहड़ टोल प्लाजा के पास दो गाड़ियों से 25 हजार कारतूस बरामद किए।
मौके से बदायूं के अफीफुद्दीन समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें एक महिला भी शामिल थी। जांच में सामने आया कि कारतूसों की खेप सिरसा के महक गन हाउस से खरीदी गई थी। इसके मालिक विजय गोयल को भी गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
हरियाणा में गिरफ्तारी के बाद बदायूं पुलिस और एसओजी ने लावेला चौक स्थित अफीफुद्दीन के घर की तलाशी ली थी। यहां से .315 बोर की रायफल, 12 बोर की पोनिया, 40 जिंदा कारतूस और 738 खोखा कारतूस बरामद हुए थे।
दोनों असलहों के लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी। इस मामले में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया था। बदायूं के एएसपी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि सूचना मिली है कि अब एनआइए पूरे नेटवर्क की जांच करेगी।
कारतूस कहां से खरीदे गए, किन लोगों के माध्यम से उनकी आपूर्ति हुई और किन राज्यों में उनकी खपत होनी थी, इसकी पड़ताल की जाएगी। बताया कि हो सकता है वह इसके लिए बदायूं भी आए।
यह भी पढ़ें- बरेली-बदायूं वालों की बल्ले-बल्ले: फरीदपुर-दातागंज रेलवे क्रासिंग पर ₹84.23 करोड़ से बनेगा फ्लाईओवर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।