विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादियों के सीजन में नए नोटों का 'काला बाजार': बैंक खाली, पर दुकानों पर 1400 में मिल रही 10 रुपये की गड्डी

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:34 PM (IST)

शादी के सीजन में बदायूं के बैंकों में छोटे नोटों की कमी के कारण कालाबाजारी बढ़ गई है। दुकानदार 10 रुपये की गड्डी 1400 रुपये में बेच रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है और आरबीआई नियमों का उल्लंघन हो रहा है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. स्थानीय बैंकों में नए नोट नदारद, पूजा और माला की दुकानों पर ऊंचे दामों में खूब बिक रहे

  2. आरबीआइ नियमों को ताक पर रख 10 से पचास तक की गड्डियों पर हो रही मनमानी वसूली

जागरण संवाददाता, बदायूं। शादियों के सीजन में बाजारों में रौनक है, लेकिन नए नोटों की किल्लत ने शादी वाले परिवारों की जेब ढीली कर दी है। बैंकों में नए नोटों की गड्डियां न मिलने से लोग परेशान हैं, जबकि पूजा और माला की दुकानों पर ऊंचे दामों में आसानी से मिल रही हैं। 10 और 20 रुपये के नोटों तक पर अतिरिक्त कीमत वसूली जा रही है, जिससे आम लोग की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।

शादी समारोहों में नेग, शगुन और जश्न के दौरान नोट लुटाने की परंपरा के चलते 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों की मांग सबसे अधिक रहती है। इसी जरूरत का फायदा उठाकर बाजार में नोटों की कालाबाजारी तेजी से फैल रही है।

शहर और ग्रामीण इलाकों की अधिकांश बैंक शाखाओं में छोटे मूल्य के नए नोटों की गड्डियां नदारद हैं, जबकि कई जगह सौ, दो सौ और पांच सौ के नए नोट भी ग्राहकों को नहीं मिल पा रहे हैं।

दूसरी ओर शहर के सराफा बाजार, बड़ा बाजार और पुराना बाजार के साथ बिसौली, सहसवान, बिल्सी, वजीरगंज और बिनावर जैसे क्षेत्रों में पूजा सामग्री तथा नोटों की माला बेचने वालों के पास नए नोटों की गड्डियां मौजूद हैं।

वहां 10 रुपये की गड्डी चौदह सौ रुपये में और 20 रुपये की गड्डी पच्चीस सौ रुपये में बेची जा रही है, जबकि पचास रुपये की गड्डी पर पांच सौ रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे हैं।

रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार मुद्रा को उसके तय मूल्य से अधिक दाम पर बेचना अवैध है, फिर भी ठोस कार्रवाई न होने से कालाबाजारी बेरोकटोक चल रही है।

एसबीआइ के मैनेजर गोविंद गुप्ता के मुताबिक छोटी शाखाओं में करेंसी की कमी रहती है। जरूरत पड़ने पर बड़ी शाखाओं से मंगवानी पड़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि कई दुकानदार जुगाड़ से करेंसी लेकर मनमाने दाम वसूलते हैं, जो नियमों के खिलाफ है।

 

उपलब्धता के आधार पर आरबीआइ चेस्ट में नई करेंसी भेजता है। दीपावली के आसपास नई करेंसी आती है, जिसको सभी बैंकों में वितरित किया जाता है। सहालग में करेंसी की मांग अधिक रहती है, जिसके कारण छोटी बैंक शाखाओं पर थोड़ी मुश्किल होती है।

- रितेश वर्मा, एलडीएम


यह भी पढ़ें- गांव की चौखट से देशभर के बाजार तक: अब अमेजन-फ्लिपकार्ट पर चमकेंगे बदायूं की महिलाओं के हुनर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।