विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांव की चौखट से देशभर के बाजार तक: अब अमेजन-फ्लिपकार्ट पर चमकेंगे बदायूं की महिलाओं के हुनर

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:14 PM (IST)

सीडीओ गामिनी सिंगला की पहल पर बदायूं के स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद अब अमेजन और फ्लिपकार्ट पर बिकेंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं के हुनर को देशव्यापी बाजार मिलेगा, जिससे उनकी बिक्री और आमदनी बढ़ेगी।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से जानकारी देतीं सीडीओ गामिनी सिंगला। जागरण आर्काइव

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से जानकारी देतीं सीडीओ गामिनी सिंगला। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. करीब 50 समूहों का विक्रेता के रूप में कराया जा रहा पंजीकरण, ऑनलाइन आर्डर से बढ़ेगी बिक्री और आमदनी

अंकित गुप्ता, बदायूं। अब गांवों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हाथों से तैयार होने वाले उत्पाद स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं रहेंगे। उनके हुनर को देशभर के ग्राहकों तक पहुंचाने की तैयारी है। घरों में तैयार होने वाले खाद्य पदार्थों से लेकर हस्तशिल्प और घरेलू उपयोग की वस्तुओं तक को अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे बड़े आनलाइन बाजारों में जगह मिलेगी।

इससे ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए बाजार तलाशने की मजबूरी नहीं रहेगी, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों से सीधे आर्डर मिलने का रास्ता खुलेगा।

उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ उनकी कीमत और आमदनी में भी इजाफे की उम्मीद है। सीडीओ गामिनी सिंगला की पहल पर इस दिशा में काम शुरू कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले में गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं कई तरह के उत्पाद तैयार कर रही हैं। इनमें खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प और रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तुएं शामिल हैं।

अब तक इन उत्पादों की बिक्री मुख्य रूप से स्थानीय बाजारों और सीमित माध्यमों से होती रही है। बाजार तक सीमित पहुंच और ग्राहकों की कमी के कारण महिलाओं को अपने उत्पादों की उचित कीमत हासिल करने में भी दिक्कत होती थी।

स्वयं सहायता समूह_ आंकड़ों पर नजर

आनलाइन बिक्री से इस बाधा को दूर करने की तैयारी है। इसके लिए उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और ऑनलाइन मार्केटिंग पर जोर दिया जा रहा है।

ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से फ्लिपकार्ट और एचसीएल फाउंडेशन के सहयोग से भी इस दिशा में पहल की जा रही है। समूहों को बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर विक्रेता के रूप में स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

जिला मिशन प्रबंधक मोहम्मद अवैश ने बताया कि यूपीएसआरएलएम के तहत अमेजन, फ्लिपकार्ट सहेली समेत अन्य आनलाइन पोर्टल पर जिले के करीब 50 स्वयं सहायता समूहों का विक्रेता के रूप में पंजीकरण कराया जा रहा है।

पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन समूहों के उत्पादों की आनलाइन बिक्री शुरू हो सकेगी। प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण के बाद शुरुआती दो दिन के भीतर ही अर्डर मिलने की संभावना है।

इसके साथ ही प्रत्येक जिले में कम से कम एक संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) का भी आनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण कराने पर जोर दिया जा रहा है।

सीडीओ गामिनी सिंगला ने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके उत्पादों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है।

आनलाइन बिक्री से उत्पादों को बेहतर कीमत मिलने के साथ महिलाओं के लिए रोजगार और आमदनी के नए अवसर भी पैदा होंगे। ग्राम्य विकास विभाग इस दिशा में समूहों को हरसंभव सहयोग देगा।

यह भी पढ़ें- हाईकोर्ट से रासुका हटी तो पुलिस ने चल दिया बड़ा दांव, HPCL दोहरे हत्याकांड के 5 आरोपितों पर लगा गैंगस्टर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।