हाईकोर्ट से रासुका हटी तो पुलिस ने चल दिया बड़ा दांव, HPCL दोहरे हत्याकांड के 5 आरोपितों पर लगा गैंगस्टर
बदायूं के एचपीसीएल प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड के पांच आरोपितों पर अब गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। यह कदम एक आरोपित की रासुका हाईकोर्ट से निरस्त होने के कुछ दिन बाद उठाया गया है, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

एआई इमेज
HighLights
मुख्य आरोपित अजय, उसके भाई-चचेरे भाई समेत पांच पर कसा शिकंजा
जागरण संवाददाता, बदायूं। मूसाझाग क्षेत्र के सैजनी स्थित एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में दो अधिकारियों की हत्या के मामले में आरोपितों पर प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अब मुख्य आरोपित अजय प्रताप सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ गैंग्सटर की कार्रवाई की गई है। डीएम से अनुमति मिलने के बाद मूसाझाग पुलिस ने पांचों के विरुद्ध गैंग्सटर का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खास बात यह है कि कुछ दिन पहले ही मुख्य आरोपित के चचेरे भाई अभय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू पर लगी रासुका को हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया था। इसके कुछ दिन बाद ही अब गैंग्सटर की कार्रवाई से आरोपितों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
12 मार्च 2026 को सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में नोएडा निवासी डीजीएम सुधीर गुप्ता और पीलीभीत निवासी डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस जांच में मुख्य आरोपित अजय प्रताप सिंह के साथ उसके सहयोगियों की भूमिका सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने अजय के भाई केशव सिंह उर्फ मिचकू, चचेरे भाई अभय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू, धर्मेंद्र यादव और मुनेंद्र विक्रम उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के मुताबिक, धर्मेंद्र यादव ने वारदात में इस्तेमाल बोलेरो उपलब्ध कराने में मदद की थी, जबकि प्लांट कर्मचारी मुनेंद्र विक्रम ने स्टाफ होने का हवाला देकर सुरक्षा कर्मियों से गेट खुलवाया था।
अन्य आरोपितों की भूमिका भी हत्या की साजिश और उसे अंजाम देने में सामने आई थी। इसी आधार पर सभी पांचों के खिलाफ गैंग्सटर एक्ट में कार्रवाई की गई है।
इससे पहले मुख्य आरोपित अजय प्रताप और अभय प्रताप के खिलाफ रासुका की कार्रवाई भी की गई थी। 19 नवंबर को हाईकोर्ट ने अभय की रासुका निरस्त कर दी थी।
इससे पहले की आरोपित कुछ राहत महसूस करता कि पुलिस ने गैंग्स्टर कर दी। अब नई कार्रवाई के बाद प्रशासन ने आरोपितों के खिलाफ कानूनी शिकंजा और कस दिया है।
यह भी पढ़ें- बदायूं डबल मर्डर का खुलासा: छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को मार डाला, मासूम ने देख लिया तो उसका भी घोंट दिया गला