रुहेलखंड के 'मिनी कुंभ' ककोड़ा मेले का भव्य आगाज: गूंजे मां गंगा के जयकारे, श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम
बदायूं में रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का झंडी पूजन और गंगा आरती के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। ...और पढ़ें

ककोड़ देवी मंदिर से झंडी ले जाते यजमान जिला पंचायत प्रशासक वर्षा यादव, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव व अन्य जागरण
HighLights
छह जोन और 12 सेक्टर में बंटा मेला, सुरक्षा से लेकर सफाई और स्वास्थ्य तक के इंतजाम, 525 हैंडपंप भी लग रहे
जागरण संवाददाता, बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का मंगलवार को झंडी पूजन के साथ विधिवत शुभारंभ हो गया। ककोड़ देवी मंदिर से शुरू हुई धार्मिक परंपरा गंगा तट तक पहुंची तो पूरा मेला क्षेत्र मां गंगा के जयघोष से गूंज उठा। यज्ञ, दुग्धाभिषेक और भव्य आरती के साथ मेले की शुरुआत हुई।
वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने से पहले व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पेयजल और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की।
सुबह ककोड़ देवी मंदिर में वेदाचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच झंडी पूजन कराया। जिला पंचायत प्रशासक वर्षा यादव, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव और पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने मां ककोड़ देवी की पूजा-अर्चना की।

मंदिर के महंत धर्मगिरी महाराज और नन्हे दास बाबा झंडी लेकर मेला ककोड़ा पहुंचे। यहां विधि-विधान से यज्ञ हुआ। मुख्य यजमान के रूप में जिला पंचायत प्रशासक वर्षा यादव, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, एसएसपी अंकिता शर्मा और सीडीओ गामिनी सिंगला ने यज्ञ में विशेष आहुतियां समर्पित कीं।
इसके बाद मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया। सुसज्जित दीपों के बीच गंगा आरती हुई तो श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए। धार्मिक आयोजन के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों का जायजा लिया।
एसपी सिटी ने बताया कि सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र को छह जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है। पार्किंग के लिए अलग जोन बनाया गया है। गंगा तट पर विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा।

गंगा की मुख्य धारा और मेले के लिए बनाई गई अलग धारा के बीच स्थित जमीन पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चार टेंट लगाए जाएंगे। पार्किंग स्थलों पर होल्डिंग और बैरियर की व्यवस्था भी की जाएगी।
मेले में 27 विभागों की विकास प्रदर्शनी प्रस्तावित है, हालांकि अभी तक सात विभागों ने ही प्रदर्शनी लगाने की सूचना दी है। सफाई व्यवस्था के लिए 266 सफाईकर्मियों की तीन पालियों में ड्यूटी लगाई जाएगी। नगर पालिका और नगर पंचायतों के सफाईकर्मी भी लगाए जाएंगे। पानी के छिड़काव के लिए 19 टैंकर उपलब्ध रहेंगे।
अस्थायी अस्पताल और हर आधे घंटे में बस
ककोड़ा मेल में श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और पेयजल के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। मेले में 10 बेड का अस्थायी अस्पताल बनाया गया है, जहां नौ पुरुष और दो महिला चिकित्सकों के साथ चार नर्सों की तैनाती रहेगी।
पेयजल के लिए 525 हैंडपंप लगाए जाएंगे। मुख्य मार्ग, वीआइपी मार्ग और बरेली मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए बदायूं से मेला ककोड़ा और वापसी में हर 30 मिनट पर रोडवेज बस उपलब्ध रहेगी।
प्रति यात्री किराया 42 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 117 निजी बसें भी श्रद्धालुओं को लाने और ले जाने के लिए लगाई गई हैं। बैलगाड़ियों से आने वाले श्रद्धालुओं के पशुओं के उपचार के लिए मेले में पशु चिकित्सालय भी बनाया जाएगा।
22 से 24 तक होंगी प्रतियोगिताएं, जल की कमी होगी दूर
मेले में बड़ा स्टेडियम बनाया जाएगा, जहां 22, 23 और 24 नवंबर को विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इसके लिए सभी स्कूलों के बच्चों को आमंत्रित किया गया है।
जिला पंचायत प्रशासक वर्षा यादव ने कहा कि गंगा में जल की कमी जल्द दूर की जाए। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें।
गंगा में पानी की कमी दूर करने के लिए बाढ़ खंड के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिलाधिकारी की ओर से भी गंगा में जलस्तर बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- Mela Kakoda: पहचान बदायूं की, पर कासगंज के किसानों की जमीन पर बसता है ये 'मिनी कुंभ'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।