विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहां फेल हो जाते हैं 5G और स्मार्टफोन, वहां बिछड़ों को अपनों से मिलाती है 'मुनादी'; ककोड़ा की अनोखी व्यवस्था

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:08 PM (IST)

ककोड़ा मेले में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण बिछड़े लोगों को पारंपरिक मुनादी व्यवस्था से सहारा मिल रहा है। खोया-पाया केंद्र द्वारा प्रतिदिन सैकड़ों घोषणाएं कर पिछले वर्ष 355 लोगों को उनके परिजनों से मिलाया गया।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. पिछले वर्ष 355 बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को मिलाया गया स्वजन से, रोजाना 500 से 600 बार होती है अनाउंसमेंट

जागरण संवाददाता, बदायूं। मोबाइल और इंटरनेट के दौर में अपनों से संपर्क करना भले ही आसान हो गया हो, लेकिन मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में तकनीक कई बार बेबस नजर आती है। गंगा तट पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ और कमजोर मोबाइल नेटवर्क के बीच अपनों से बिछड़ने वालों के लिए पुरानी मुनादी व्यवस्था ही सबसे भरोसेमंद सहारा बनी हुई है।

मेले में मोबाइल फोन होने के बावजूद नेटवर्क की समस्या के चलते कई बार स्वजन से संपर्क नहीं हो पाता। इंटरनेट सेवा भी ठीक से काम नहीं करती। ऐसे में खोया-पाया केंद्र से होने वाली घोषणाएं बिछड़े लोगों को उनके परिवार तक पहुंचाने का जरिया बन रही हैं।

मेले में दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल होते हैं। भीड़ में जरा सी चूक होने पर बच्चे माता-पिता से बिछड़ जाते हैं तो बुजुर्ग भी अपने साथ आए लोगों से अलग हो जाते हैं।

ऐसी स्थिति में सबसे पहले मोबाइल फोन से संपर्क करने की कोशिश होती है, लेकिन नेटवर्क न मिलने या फोन न लगने पर परेशानी बढ़ जाती है। इंटरनेट मीडिया और मैसेजिंग एप भी नेटवर्क के अभाव में मददगार साबित नहीं हो पाते।

कई बार बिछड़े व्यक्ति के पास मोबाइल फोन तक नहीं होता। ऐसे में मेले में लाउडस्पीकर से होने वाली मुनादी ही लोगों तक सूचना पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनती है।

भारत स्काउट और गाइड की ओर से संचालित खोया-पाया केंद्र पर रोजाना करीब 500 से 600 बार अनाउंसमेंट कराई जाती है। पिछले वर्ष 2025 में इस व्यवस्था के माध्यम से 355 बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को उनके स्वजन से मिलाया गया था।

केंद्र पर बिछड़े लोगों की जानकारी लेकर नाम और पते के साथ लगातार घोषणाएं कराई जाती हैं। इसके बाद संबंधित व्यक्ति या उनके स्वजन केंद्र तक पहुंचकर एक-दूसरे से मिल पाते हैं।

कई वर्षों से इस व्यवस्था का संचालन महेश चंद्र सक्सेना, संजीव कुमार शर्मा, मुहम्मद असरार, डा. वीरपाल सिंह सोलंकी और डा. एसके गुप्ता के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

भीड़ और नेटवर्क की परेशानी के बीच यह व्यवस्था बताती है कि तकनीक के विस्तार के बावजूद सार्वजनिक आयोजनों में पारंपरिक सूचना तंत्र की जरूरत आज भी बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- बदायूं के ककोड़ा मेले की अनसुनी कहानी: एक चमत्कारी घास, जिससे ठीक हुआ नवाब का कोढ़ और बन गया भव्य देवी मंदिर!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।