मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में इस बार सब कुछ नया! बदला मुख्य स्नान घाट, काशी की तर्ज पर होगी भव्य गंगा आरती
रुहेलखंड के प्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में इस बार नए घाट पर मुख्य स्नान होगा और वाराणसी की तर्ज ...और पढ़ें

गंगा घाट पर दूसरी ओर बनाई गई पुलिस चौकी। जागरण
HighLights
100 मीटर पश्चिम दिशा में शिफ्ट हुई तंबुओं की नगरी, श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी बस अड्डा और पांच से छह बड़ी पार्किंग की व्यवस्था
जागरण संवाददाता, बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में इस बार आस्था के साथ सुविधाओं, मनोरंजन और सांस्कृतिक आयोजनों का नया संगम देखने को मिलेगा। गंगा के जलस्तर और कटान को देखते हुए मेला स्थल को पिछले वर्ष की तुलना में करीब 100 मीटर पश्चिम दिशा में शिफ्ट किया गया है।
सबसे बड़ा बदलाव यह है कि इस बार कुरमियान घाट की जगह नए स्थान पर मुख्य स्नान घाट बनाया जा रहा है। वहीं, श्रद्धालुओं को जाम से बचाने के लिए अस्थायी बस अड्डे से लेकर बड़ी पार्किंग तक की व्यवस्था की जा रही है।
मेला क्षेत्र में इस बार मथुरा की रासलीला, लखनऊ का कठपुतली शो और बदायूं का जादू शो भी आकर्षण बढ़ाएंगे। युवाओं के लिए कबड्डी, कुश्ती, वालीबाल और दौड़ प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा वाराणसी की तर्ज पर गंगा तट पर भव्य महाआरती और आतिशबाजी की तैयारी है।
17 नवंबर को झंडी पूजन के साथ मेले का शुभारंभ हो चुका है। श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राली, टेंपो और निजी वाहनों से पहुंचकर तंबुओं की नगरी बसाने में जुटे हैं।

23 नवंबर को दोपहर एक बजे मेले का औपचारिक उद्घाटन होगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान होगा। इस बार करीब 100 निजी और 50 रोडवेज बसों के संचालन की योजना बनाई गई है।
बसों को मेला क्षेत्र के बाहर बनाए जा रहे अस्थायी बस अड्डे पर रोका जाएगा। पांच से छह बड़ी पार्किंग विकसित की जा रही हैं, ताकि मेले के भीतर वाहनों का दबाव न बढ़े।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चौड़े रास्ते, 525 अस्थायी हैंडपंप, मोबाइल शौचालय, अस्थायी चिकित्सालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था प्रस्तावित है। हालांकि गंगा की उपधारा में कम पानी होने के कारण मुख्य स्नान के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराना प्रशासन के सामने चुनौती बना हुआ है।
इस बार मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का दायरा भी बढ़ाया गया है। उद्घाटन समारोह के दौरान स्काउट कैंप, ब्रह्माकुमारी प्रजापति कैंप और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का शुभारंभ होगा।

दोपहर दो बजे सांस्कृतिक पंडाल में मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम शुरू होंगे। 25 नवंबर तक दिन और रात सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
मथुरा की रासलीला, लखनऊ का कठपुतली शो और स्थानीय जादू शो दर्शकों को आकर्षित करेंगे। खेलकूद में कबड्डी, कुश्ती, वालीबाल और दौड़ प्रतियोगिताएं होंगी। झूले, मौत का कुआं और ड्रैगन झूला भी मेले की रौनक बढ़ाएंगे।
24 नवंबर को शाम सात बजे गंगा तट पर गंगा महासभा और कछला के विद्वानों की ओर से वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती होगी। इसमें विभिन्न प्रांतों के विद्वान और श्रद्धालु शामिल होंगे। आरती के बाद आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र बनेगी।
सुरक्षा और अग्निशमन के लिए भी विशेष इंतजाम
मेले में सुरक्षा के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। उठाईगीरों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वॉच टावर बनाए गए हैं। इन पर पुलिसकर्मियों और स्काउट की तैनाती रहेगी। पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी गंगा तट पर मुस्तैद रहेंगे।
अग्निशमन विभाग ने पांच स्थानों पर अस्थायी सब स्टेशन बनाए हैं। इनमें मुख्य प्रवेश द्वार, जनप्रतिनिधि एवं वीआइपी क्षेत्र, गंगा किनारे तथा बरेली और कुरमियान मेले की ओर के क्षेत्र शामिल हैं। आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए बड़ी और छोटी दमकल गाड़ियों के साथ बाइक भी तैयार रखी गई हैं।
ककोड़ा देवी मंदिर में हुई गंगा और देवी की आरती
विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में ककोड़ा देवी मंदिर में मां ककोड़ा देवी और मां गंगा की आरती की गई। गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने वेदमंत्रों का उच्चारण किया।
मंदिर के महंत धर्मगिरि महाराज ने मां ककोड़ा देवी का पूजन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने आरती की और प्रसाद वितरण हुआ। घंटों की ध्वनि और मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
यह भी पढ़ें- बदायूं के ककोड़ा मेले की अनसुनी कहानी: एक चमत्कारी घास, जिससे ठीक हुआ नवाब का कोढ़ और बन गया भव्य देवी मंदिर!
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।