बदायूं के माधव किसान मेले में 1.50 लाख रुपये में बिकी सबसे महंगी घोड़ी, सर्कस और दंगल से बढ़ी रौनक
बदायूं के दहगवां में आयोजित माधव किसान मेले में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जहाँ डेढ़ लाख रुपये में सबसे महंगी घोड़ी बिकी।

माधव किसान मेले में बंधे घोड़े
HighLights
दहगवां के माधव किसान मेले में उमड़ी खरीदारों की भीड़।
मेले में डेढ़ लाख रुपये में बिकी सबसे महंगी घोड़ी।
सर्कस, जादू, दंगल जैसे मनोरंजन से मेला गुलजार।
संवाद सूत्र, बदायूं। दहगवां कस्बे में आयोजित माधव किसान मेले में खरीदारों की भीड़ बढ़ने से रौनक छा गई है। शनिवार को मेले में कुल 15 घोड़ियों की बिक्री हुई, जिसमें सबसे महंगी घोड़ी डेढ़ लाख रुपये में बिकी।
वहीं, एक अन्य घोड़ी 80 हजार रुपये में खरीदी गई। अच्छी नस्ल के पशुओं की खरीदारी के लिए दूरदराज के क्षेत्रों से व्यापारी और पशुपालक बड़ी संख्या में मेले में पहुंच रहे हैं।
मेले में घोड़ा, घोड़ी, भैंस और बकरी सहित विभिन्न पशुओं की जमकर खरीद फरोख्त हो रही है। मेला प्रबंधक मयंक गुप्ता ने बताया कि अच्छी नस्ल के घोड़े घोड़ियों की विशेष मांग बनी हुई है। बाहर से आने वाले व्यापारियों की सुविधा के लिए मेला कमेटी की ओर से ठहरने की उचित व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही पशुओं के शृंगार और सजावट के सामान की दुकानें भी सज गई हैं। खरीदारी के अलावा दर्शकों के मनोरंजन के लिए मेले में सर्कस, जादू, नौटंकी और विभिन्न खेल-तमाशे शुरू हो गए हैं। साथ ही दंगल का भी आयोजन किया जा रहा है, जहां पहलवान अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे। दिनभर खरीदारों और दर्शकों की चहल-पहल से मेला परिसर गुलजार बना हुआ है।