बदायूं में बरात के जाम में फंसी एंबुलेंस, मरीज की तड़पकर हुई मौत
बदायूं में पर्ल मैरिज लान के बाहर बरात के जाम में एंबुलेंस फंसने से एक महिला मरीज की जान चली गई। पति ने मैरिज लान संचालक पर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
-1795835694242_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
एंबुलेंस बरात के जाम में एक घंटे तक फंसी रही।
देर से उपचार मिलने के कारण महिला मरीज किरन की मौत हुई।
पति ने मैरिज लान संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
संवाद सूत्र, सिलहरी। पर्ल मैरिज लॉन में पार्किंग नहीं होने से लगे जाम ने महिला मरीज की जान ले ली। गुरुवार रात उनकी एंबुलेंस बरात के जाम में घंटा फंसी रही। वह तड़प रही थीं, उनके स्वजन चीख रहे थे कि रास्ता दे दो...मगर, अफसोस। सभी की संवेदनाएं मर चुकी थीं। सड़क पर नाचने वालों ने एंबुलेंस का सायरन सुना ना चीखते तीमारदारों की चीख।
मैरिज लान के कर्मचारी बरातियों की आड़ी-तिरछी खड़ी कारें हटवाने के लिए बाहर नहीं आए। शुक्रवार को महिला के पति ने पुलिस से शिकायत की कि मौत के जिम्मेदार मैरिज लान संचालक पर कार्रवाई की जाए। सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाली लिवर की मरीज किरन का उपचार बरेली में कराया जा रहा था।
पति भूपेंद्र ने बताया कि गुरुवार रात किरन की हालत बिगड़ने पर तुरंत बरेली ले जाने के लिए प्राइवेट एंबुलेंस बुलाई। रात नौ बजे उन्हें बरेली-बदायूं हाईवे पर लेकर पहुंचे तो शहीद भगत सिंह चौकी के पास जाम में फंस गए। उससे कुछ दूर पर्ल मैरिज लान के बाहर बरात चढ़ रही थी। बराती सड़क पर नाच रहे थे। सड़क के दोनों ओर बरातियों की कारें थीं।
इस कारण लगे जाम में एंबुलेंस एक घंटे फंसी रही। बमुश्किल वहां से निकल सके, मगर बरेली में उपचार मिलने से पहले किरन की मौत हो गई। चिकित्सक ने कहा कि यदि समय से ले आते तो शायद जान बचाई जा सकती थी। आरोप है कि मैरिल लान में पार्किंग नहीं होने के कारण जाम लगा, इसलिए संचालक पर कार्रवाई की जाए।
चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि बरात चढ़ने के दौरान पर्ल मैरिज लान से चौकी तक ढाई घंटे जाम लगा था। काफी देर प्रयास के बाद यातायात सुचारू किया जा सका। महिला की मौत प्रकरण में तहरीर मिली है, जांच के उपरांत कार्रवाई करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।