विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मातम में बदलीं खुशियां: खेलने निकला था 2 साल का मासूम, 24 घंटे बाद घर से 200 मीटर दूर तालाब में मिला शव

Published: Fri, 27 Nov 2026 05:47 PM (IST)

वजीरगंज के मुड़िया सतासी गांव में दो साल का कृष्णा खेलने निकला और 24 घंटे बाद घर से 200 मीटर दूर तालाब में मृत मिला। परिवार ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

तालाब में बालक के शव मिलने की सूचना पर जांच पड़ताल करती पुलिस और कृष्णा का फाइल फोटो

तालाब में बालक के शव मिलने की सूचना पर जांच पड़ताल करती पुलिस और कृष्णा का फाइल फोटो

HighLights

  1. पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दिया कार्रवाई का आश्वासन

संवादसूत्र, बगरैन (बदायूं)। वजीरगंज क्षेत्र के गांव मुड़िया सतासी में बुधवार सुबह खेलने के लिए घर से निकला दो साल का मासूम कृष्णा वापस नहीं लौटा। रातभर तलाश के बाद गुरुवार को उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर गांव के तालाब में पड़ा मिला। उसे देखकर परिवार में चीख पुकार मच गई।

उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने समझाबुझा उन्हें शांत कराया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

गांव मुड़िया सतासी निवासी राजकुमार का दो साल का बेटा कृष्णा बुधवार सुबह करीब आठ बजे खेलने के लिए घर से बाहर गया था। जब वह दोपहर तक घर लौट नहीं आया तो घर वालों को उसकी चिंता हुई।

उन्होंने पहले तो सोचा कि कहीं आसपास खेल रहा होगा, लेकिन जब काफी देर तक वह नहीं मिला तो परिवार ने खोजबीन शुरू कर दी। घंटों तक गांव और आसपास खेतों में उसे काफी तलाश किया लेकिन कृष्णा का कोई पता नहीं चला।

इसके बाद स्वजन ने थाने जाकर इसकी सूचना दी, जिससे बगरैन पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने गांव पहुंचकर आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

देर शाम बुधवार को पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा अपहरण में दर्ज कर बच्चे की तलाश तेज कर दी। गुरुवार को भी पुलिस और ग्रामीणों ने काफी तलाश की।

जब कहीं कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस ने घर से करीब 200 मीटर दूर तालाब में गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों को तालाब के अंदर कृष्णा का शव मिला।

शव बाहर आते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां भूरी बेटे का शव देखकर बेहोश हो गई। होश आने पर वह बार-बार अपने दो साल के बेटे को पुकारती और फिर बेहोश हो जाती।

पिता राजकुमार भी बिलखते रहे। राजकुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। चौकी प्रभारी बगरैन संदीप गुप्ता ने मौके पर पहुंच कर स्वजन को समझाया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का असली कारण पता चल सकेगा।

 

बालक तालाब किनारे खेल रहा था और उसी तालाब से शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि उसकी मृत्यु तालाब में डूबने से हुई है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वजह स्पष्ट होगी। उसके बाद ही मामले में कार्रवाई होगी।

- अश्वनी कुमार, इंस्पेक्टर वजीरगंज


यह भी पढ़ें- गांव की चौखट से देशभर के बाजार तक: अब अमेजन-फ्लिपकार्ट पर चमकेंगे बदायूं की महिलाओं के हुनर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।