जमीन खरीदने वाले जल्द करा लें रजिस्ट्री: बदायूं में 15% तक बढ़ रहे सर्किल रेट, 2-4 दिनों में लागू होंगे नए दाम
बदायूं में जमीन के सरकारी दाम (सर्किल रेट) में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होने वाली है, जो ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
उपनिबंधन कार्यालय के अनुसार दो-चार दिनों में लागू हो जाएंगे सर्किल रेट
जागरण संवाददाता, बदायूं। अगर आप जमीन बेचने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइए, आपकी किस्मत चमकने वाली है और अगर खरीदने की सोच रहे हैं तो जल्दी कीजिए, वरना जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। जिले में जमीन के सरकारी दाम यानी सर्किल रेट में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होने जा रही है।
उप निबंधन विभाग ने सर्वे पूरा कर लिया है। अब बस जिला प्रशासन की हरी झंडी और अधिसूचना जारी होने का इंतजार है। इस बार सबसे बड़ा उछाल शहर से सटी जमीनों और हाईवे-मुख्य सड़कों के किनारे वाली जमीनों में आएगा।
यहां रेट 15 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं। गांव और अंदरूनी इलाकों में भी 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। दरअसल सर्किल रेट हर साल संशोधित किए जाते हैं।
हर साल बाजार भाव, हुई रजिस्ट्रियों और विकास कार्यों के आधार पर नए रेट तय होते हैं। इस बार भी उसी वार्षिक प्रक्रिया के तहत सर्वे कराया गया है।
कुछ प्रलेखकों की मानें तो इस बार सबसे बड़ा उछाल शहर से सटी जमीनों और हाईवे-मुख्य सड़कों के किनारे वाली जमीनों में आएगा। यहां रेट 15 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं। गांवों और अंदरूनी इलाकों में भी 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।
हर साल लागू होते हैं सर्किल रेट
सर्किल रेट कभी स्थायी नहीं होते। शासन के नियम के अनुसार हर साल इनकी समीक्षा की जाती है, जिससे सरकारी मूल्य बाजार भाव के करीब बना रहे।विभाग ने इस बार भी तहसीलवार सर्वे कराया।
बाजार भाव, हाल की रजिस्ट्रियों, नई सड़कों, कालोनियों और शहरी विस्तार को आधार बनाया गया। अब रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दी गई है।
खरीदारों में हलचल, रजिस्ट्री कार्यालय में बढ़ रही भीड़
इसकी खबर फैलते ही रजिस्ट्री कार्यालय में हलचल बढ़ गई है। लोग लगातार पूछ रहे हैं कि नए सर्किल रेट कब से लागू हो रहे हैं। कई लोग बढ़ोतरी से पहले ही रजिस्ट्री निपटाने में जुट गए हैं।
प्रापर्टी डीलरों का मानना है कि पिछले एक सप्ताह से जिले में जमीनों की खरीदफरोक्त बढ़ी है। इससे लोग जमीन खरीदने के मामले में जल्दबाजी कर रहे हैं।
किसकी चांदी, किसकी जेब होगी खाली
नए रेट लागू होते ही खेल पूरी तरह बदल जाएगा। जमीन बेचने वालों की बल्ले-बल्ले होगी। उनकी जमीन का सरकारी मूल्य बढ़ेगा, बैंक से ज्यादा लोन मिलेगा और अधिग्रहण में ज्यादा मुआवजा मिलेगा।
सरकार को भी स्टांप ड्यूटी से करोड़ों का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा लेकिन खरीदारों के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं। मध्यम वर्ग के परिवार, जो बरसों की बचत से एक छोटा प्लाट लेने का सपना देख रहे हैं, उन्हें अब पहले से ज्यादा स्टांप शुल्क देना होगा।
जिले में दो-चार दिनों में नए सर्किल रेट लागू हो जाएंगे। इसका सर्वे हो गया है। फिर उसके अनुसार ही जमीन की खरीद फराेक्त होगी।
- सैय्यद नदीम रजा, सब रजिस्ट्रार बदायूं
यह भी पढ़ें- रूहेलखंड का मिनी कुंभ: गंगा तट पर सजेगा तंबुओं का शहर, 17 नवंबर से शुरू होगा बदायूं का ऐतिहासिक ककोड़ा मेला
