रुहेलखंड के मिनी कुंभ ककोड़ा मेले में आज से उमड़ेगा आस्था का सैलाब, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
बदायूं के ककोड़ा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

ककोड़ा मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों को निर्देश देते हुए एसपी। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
ककोड़ा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस तैयार।
एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी समझाई, लापरवाही से बचें।
भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें।
जागरण संवाददाता, बदायूं। रुहेलखंड के मिनी कुंभ ककोड़ा मेला में मंगलवार से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगेगी। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
झंडी पूजन से ठीक पहले सोमवार को एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह और सीओ उझानी राहुल पांडेय ने मेला परिसर पहुंचकर ड्यूटी पर लगाए गए पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियां समझाईं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को बताया गया कि मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखने के साथ ही यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखनी होगी। सभी पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचने और पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।
साथ ही श्रद्धालुओं से शालीनता के साथ पेश आने और जरूरत पड़ने पर उनकी मदद करने को कहा गया। गंगा घाटों पर स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की नजर रहेगी।
किसी भी तरह की अव्यवस्था या आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। मेले में आने और जाने वाले श्रद्धालुओं को जाम से बचाने के लिए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भीड़ के बीच किसी भी समस्या को नजरअंदाज न किया जाए और तत्काल उसका समाधान कराया जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।