बदायूं में मिनी कुंभ मेला ककोड़ा और कछला स्नान, 23 नवंबर को रहेगा रूट डायवर्जन
मिनी कुंभ मेला ककोड़ा और कछला गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए 23 से 25 नवंबर तक भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया है।

रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाते ककोड़ा मेला की तस्वीर।
HighLights
ककोड़ा मेला और कछला स्नान हेतु यातायात व्यवस्था में बदलाव।
23 से 25 नवंबर तक भारी वाहनों का रूट डायवर्जन रहेगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगम आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग।
जागरण संवाददाता, बदायूं। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा और कछला गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए 23 नवंबर सुबह आठ बजे से 25 नवंबर रात आठ बजे तक जिले में भारी और अन्य वाहनों का रूट डायवर्जन लागू रहेगा। 24 नवंबर को मुख्य गंगा स्नान पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
बरेली और बदायूं से कासगंज, एटा, मथुरा, आगरा व हाथरस जाने वाले भारी वाहन उझानी-सहसवान तिराहा से सहसवान, गुन्नौर और नरौरा पुल होकर जाएंगे। वापसी में भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है।
बरेली-बदायूं से कादरचौक रोड अथवा कछला पुल होकर पटियाली, गंजडुंडवारा, अलीगंज और मैनपुरी जाने वाले छोटे-बड़े वाहन नवादा चौराहा व दातागंज तिराहा से दातागंज रोड, डहरपुर अथवा केशव मंडी चौक, म्याऊं, उसहैत, कटरा और अटैना पुल होते हुए कंपिल पुल से गुजरेंगे। वापसी में भी यही मार्ग रहेगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन मेला ककोड़ा और कछला गंगा स्नान में शामिल होने आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों पर लागू नहीं होगा। वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।