विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लंदन, दुबई और कुवैत की चकाचौंध छोड़ ककोड़ा मेला पहुंचे प्रवासी, गंगा स्नान कर बोले- 'मिट्टी की खुशबू खींच लाई'

Published: Thu, 26 Nov 2026 01:33 PM (IST)

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दुबई, लंदन और कुवैत से प्रवासी श्रद्धालु बदायूं के ककोड़ा मेला में गंगा स्नान के लिए पहुंचे। उन्होंने अपनी जड़ों से जुड़ते हुए धार्मिक परंपराओं का पालन किया और मेला व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

गंगा में स्नान करके निकले लंदन, कुवैत से स्नान करने आए श्रद्धालु। जागरण

गंगा में स्नान करके निकले लंदन, कुवैत से स्नान करने आए श्रद्धालु। जागरण

HighLights

  1. शुद्ध जल, नाव, सफाई और चेंजिंग रूम की व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए श्रद्धालु

जागरण संवाददाता, बदायूं। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ककोड़ा मेला में देश के साथ साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे। दुबई, लंदन और कुवैत जैसे देशों में बसे प्रवासियों ने अपनी धार्मिक परंपराओं को जीवित रखते हुए पवित्र नदी में डुबकी लगाई।

मेले के घाटों और तंबुओं के बीच गूंजते जयकारों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने हर साल सपरिवार आने का संकल्प भी लिया। मेला परिसर में घूमते हुए जब श्रद्धालुओं से बात की गई, तो हर चेहरे पर आस्था और अपनेपन की चमक दिखाई दी।

विदेश में रहने के बावजूद इन लोगों ने अपनी संस्कृति को संजोए रखा है। मेले में पहुंची महिलाओं ने ककोड़ा मेला की महिमा का गुणगान किया और कहा कि यह संगम उन्हें अपनी मिट्टी से जोड़ता है।

प्रवासी श्रद्धालुओं ने भावुक होते हुए कहा कि गंगा मैया उन्हें हर साल बुलाती रहें और वे इसी तरह परिवार सहित यहां आते रहें। कार्तिक पूर्णिमा पर लंदन से गंगा स्नान करने पहुंची जुबीना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि गंगा में नहाकर मन को असीम शांति और पवित्रता का अहसास होता है।

उनके मुताबिक, इस यात्रा से जीवन में बहुत कुछ सीखने को मिलता है। जुबीना ने बताया कि इस स्थान में एक अजीब सी आध्यात्मिक शक्ति है, जो श्रद्धालुओं को बार-बार अपनी ओर खींचती है।

मेला क्षेत्र की जमीनी व्यवस्थाओं पर भी श्रद्धालुओं ने संतोष जताया। वहीं, कुवैत से आई स्वाति ने मेले को लेकर खुशी जताई और कहा कि यहां आना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

श्रद्धालुओं ने आयोजकों और प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्हाेंने कहा कि गंगा का जल शुद्ध है और प्रशासन ने नाव, सफाई व चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई हैं।

यह भी पढ़ें- जब बदायूं के ककोड़ा मेले की भीड़ देख दंग रह गए थे अंग्रेज अधिकारी, घोड़े पर चढ़कर खुद SP-DM करते थे गश्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।