विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जिस धारा में नहाकर नवाब अब्दुल्ला खां का कोढ़ ठीक हुआ, उसी को तरस रहा 'मिनी कुंभ' ककोड़ा मेला

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:48 PM (IST)

ककोड़ा मेला, जिसे मिनी कुंभ कहते हैं, गंगा की मुख्य धारा से दूर होने के कारण 'रेणुका' के महत्व को खो रहा है।

गंगा की मुख्य धारा को तरस रहा 'मिनी कुंभ' ककोड़ा मेला।

गंगा की मुख्य धारा को तरस रहा 'मिनी कुंभ' ककोड़ा मेला।

HighLights

  1. ककोड़ा मेला गंगा की मुख्य धारा से दूर हो रहा।

  2. 50 साल पहले मेले को बचाने हाईकोर्ट में लड़ाई।

  3. नवाब अब्दुल्ला खां ने की थी मेले की शुरुआत।

उमेश राठौर, बदायूं। कादरचौक क्षेत्र में लगने वाला मिनी कुंभ कहे जाने वाला ककोड़ा मेला आज भी गंगा की मुख्य धारा को तरस रहा है। लाखों श्रद्धालु आते हैं, लेकिन जिस धारा में नहाकर नवाब अब्दुल्ला खां का कोढ़ ठीक हुआ था, वह धारा घाट से कोसों दूर हो चुकी है।

जिला प्रशासन रेत हटवाकर जल लाने का प्रयास तो करता है, लेकिन संत कहते हैं वह कीचड़ जैसा है। इसी मुख्य धारा और गंगा की रेणुका के लिए 50 साल पहले इस मेले की लड़ाई हाईकोर्ट तक पहुंच गई थी।

आज से करीब 50 साल पहले 1970-75 के बीच उझानी निवासी श्रीकृष्ण गोयल जिले में मजिस्ट्रेट थे। ककोड़ा मेला अपनी धूल-मिट्टी के लिए जाना जाता है। अक्टूबर नवंबर की ठंड में गंगा किनारे उड़ती धूल से मेले की व्यवस्थाएं चरमरा जाती थीं।

इसी धूल-मिट्टी से परेशान होकर मजिस्ट्रेट गोयल ने ककोड़ा मेला को कछला घाट की ओर स्थानांतरित करने का आदेश दे दिया। कछला में रेतीला किनारा नहीं था, धूल रेत भी नहीं था लेकिन वहां यह बात नहीं थी।

मजिस्ट्रेट के इस फैसले के खिलाफ ककोड़ा गांव के प्रधान श्यामलाल और नूरपुर गांव के किसान झम्मन खां हाईकोर्ट पहुंच गए। उन्होंने कोर्ट में दलील दी कि यह कोई व्यापारिक मेला नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था का मेला है।

यहां आने वाले संत और श्रद्धालु गंगा की रेणुका खाते हैं, उसी से नहाते हैं, तभी उनकी पूजा पूरी होती है। अगर मेले को कछला शिफ्ट कर दिया गया तो उनकी सदियों पुरानी परंपरा टूट जाएगी।

हाईकोर्ट ने सात दिन की सुनवाई के बाद तत्काल आदेश दिया कि मेला जहां पिछले सैकड़ों सालों से लगता आ रहा है, वहीं लगेगा और जिला प्रशासन ही उसकी व्यवस्था कराएगा। तब से मेला ककोड़ा में ही लग रहा है।

क्या है गंगा की रेणुका?

ककाेड़ा देवी मंदिर के संत नन्हे दास कहते हैं कि रेणुका गंगा किनारे की वह पवित्र रेत है, जो गंगा की मुख्य धारा के साथ बहकर आती है। मान्यता है कि ककोड़ा मेले में जो भी श्रद्धालु आता है, वह इसी रेणुका से स्नान करता है और चुटकी भर रेणुका प्रसाद के रूप में खा भी लेता है।

बुजुर्गों का मानना है कि इसे खाने से बड़ी से बड़ी बीमारी, खासकर चर्म रोग दूर हो जाते हैं। कछला घाट पर मुख्य धारा तो थी, लेकिन वह रेणुका नहीं थी, जिसकी वजह से संतों ने आंदोलन किया था।

700 साल पुराना है मेले का इतिहास

जानकारों का कहना है कि यह ककोड़ा मेला करीब 700 साल पुराना है। कहना है कि बगदाद के रहने वाले नवाब अब्दुल्ला खां भारत में व्यापार करने आए थे। यहीं रहने के दौरान उन्हें कोढ़ हो गया। बहुत इलाज कराया, लेकिन ठीक नहीं हुए।

उस समय गंगा की धारा ककोड़ा देवी मंदिर के ठीक पीछे से बहती थी। एक रात नवाब को ककोड़ा देवी ने स्वप्न दिया कि वह गंगा किनारे रहकर स्नान और पूजा करें। नवाब ने वैसा ही किया और कुछ ही दिनों में उनका कोढ़ ठीक हो गया। इससे खुश होकर नवाब ने ही इस मेले की शुरुआत कराई, जिससे लोग यहां आकर गंगा स्नान करें और अपनी बीमारियां दूर करें।

आज फिर मुख्य धारा से दूर हो रहा मेला

संत नन्हेदास का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से मेले में भक्ति भाव कम होता नजर आ रहा है। मेला तो बड़ा हो रहा है, दुकानें और झूले बढ़ रहे हैं, लेकिन पूजा-पाठ कम हो रहा है।

संतों के लिए स्थान कम होते जा रहे हैं। उनकी कोई व्यवस्था भी नहीं कराई जा रही है। धार्मिक कार्यक्रमों की कमी हो गई है। अब मेले में जुआ, शराब और अंडा मांस भी पहुंच रहा है। इससे यहां आस्था कम, पिकनिक ज्यादा मनाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- तिगरी मेले में गुम हुए तो फेस रीडिंग कैमरे से तलाश सकेगी पुलिस, हाईटेक बना ऐतिहासिक गंगा मेला 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।