मिनीकुंभ ककोड़ा से विदाई: नम आंखों से उखड़ने लगे 'कुर्मियान क्षेत्र' के तंबू, जानें वापसी के पीछे की यह अनोखी परंपरा
मिनीकुंभ ककोड़ा मेला अब अपनी विदाई की ओर है, जहां कुर्मियान क्षेत्र के तंबू सिमटने लगे हैं। श्रद्धालु पूर्णिमा के बाद परवा तिथि को अशुभ मानकर दूज पर घर लौट रहे हैं, गंगा स्नान कर मन्नतें पूरी होने पर आभार जता रहे हैं।

उजड़ गया ककोड़ा मेले में बसा तंबुओं का शहर।जागरण
HighLights
गंगा स्नान कर मन्नत पूरी होने पर जताया आभार, अगले वर्ष आने का लिया संकल्प
जागरण संवाददाता, बदायूं। गंगा की रेती पर बसा तंबुओं का शहर अब सिमटने लगा है...मिनीकुंभ मेला ककोड़ा अब अपनी विदाई की बेला की ओर बढ़ चला है। गुरुवार को दूज तिथि लगते ही मेले की असली रौनक कहे जाने वाले कुर्मियान क्षेत्र में तंबुओं के उखड़ने और घर वापसी का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ दिन पहले तक जिस उत्साह के साथ श्रद्धालुओं ने गंगा की कटरी को गुलजार किया था, अब उसी रफ्तार से विदाई की तैयारी दिख रही है।
मेले में तंबू तानकर गृहस्थी बसाने वाले कुर्मी समाज के लोग अब ट्रैक्टर ट्रालियों और बैलगाड़ियों में अपना सामान लादकर घरों की राह पकड़ने लगे हैं। इसके पीछे एक पुरानी मान्यता जुड़ी है।
श्रद्धालुओं का मानना है कि पूर्णिमा के ठीक बाद पड़ने वाली परवा तिथि को घर लौटना शुभ नहीं होता। यही वजह है कि लोग परवा के दिन कूच करने से परहेज करते हैं और दूज लगते ही वापसी शुरू कर देते हैं।
गुरुवार सुबह से ही कुर्मियान क्षेत्र में विदाई का भावुक दृश्य नजर आया। घर लौटने से पहले श्रद्धालुओं ने पतित पावनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।
गंगा मैया की पूजा अर्चना कर उन्होंने अपनी मन्नतें पूरी होने पर आभार जताया और प्रवास के दौरान जाने अनजाने में हुई गलतियों के लिए क्षमायाचना भी की।
कई श्रद्धालुओं ने नम आंखों से अगले वर्ष फिर मेले में आने का संकल्प लिया। कुछ दिन पहले तक जहां पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के डेरे से मेला गुलजार था, वहां अब खाली होते मैदान नजर आने लगे हैं।
हालांकि, मेला अभी पूरी तरह नहीं सिमटा है और बरेली व पीलीभीत जिलों से आए श्रद्धालु अभी भी यहां रुके हुए हैं। इसके बावजूद, कुर्मी समाज की मौजूदगी से जुड़ी जो खास चहल पहल और जीवंतता इस मेले की पहचान थी, उसकी कमी अब साफ खलने लगी है।
ट्रैक्टर ट्रालियों से घर लौट रहे प्रवासी
मेले में एक सप्ताह से भीड़ लगातार बढ़ती जा रही थी। कार्तिक पूर्णिमा के दिन यहां पांच लाख से अधिक श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुंचे थे, जिनमें बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, कासगंज जैसे जिलों के लोग प्रमुख थे। अब दूज के दिन से श्रद्धालु परंपरा के अनुसार घर लौटने लगे हैं, जबकि मेले की दुकानों पर रौनक अभी भी बनी हुई है।
घर जाने से पहले दुकानों पर उमड़ी खरीदारों की भीड़
घर लैटने से पहले मेले में लगी दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कोई श्रद्धालु घरेलू सामान खरीदता दिखा तो कोई गर्म कपड़े लेता नजर आया। बच्चों ने जाने से पहले झूलों की सैर की और खिलौने खरीदे। हालांकि, शाम तक लगभग आधे श्रद्धालु घर लौट गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।