विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ककोड़ा मेला में 10 बेड का बना अस्थायी अस्पताल, 11 डॉक्टर तैनात रहेंगे; 7 एंबुलेंस भी लगाई गईं

Published: Thu, 19 Nov 2026 11:22 AM (IST)

ककोड़ा मेला में श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के लिए 10 बेड का अस्थाई अस्पताल, 11 डॉक्टर और 40 कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

ककोड़ा मेला क्षेत्र में प्राइवेट बस पार्किंग स्थल भी बनाया गया है। (तस्वीर- जागरण)

ककोड़ा मेला क्षेत्र में प्राइवेट बस पार्किंग स्थल भी बनाया गया है। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. 10 बेड का अस्थाई अस्पताल, 11 डॉक्टर, 40 कर्मचारी तैनात।

  2. आपात स्थिति के लिए सात एंबुलेंस और रिजर्व दल तैयार।

  3. शुद्ध पानी, फॉगिंग, स्वास्थ्य जागरूकता प्रदर्शनी भी लगाई गई।

जागरण संवाददाता, बदायूं। ककोड़ा मेला में श्रद्धालुओं की सेहत का पूरा ख्याल रखा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने मेले में 10 बेड का अस्थाई अस्पताल खोला है।

इसमें 11 चिकित्सकों समेत 40 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही सात एंबुलेंस भी लगाई गई हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।

मेले में आने वाली भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने दो पालियों में ड्यूटी लगाई है। पहली पाली में डॉ. पूनम बघेल, डॉ. मीनाक्षी निगम, डॉ. आशु कुमार सिंह और डॉ. उपदेश कुमार को लगाया गया है। दूसरी पाली में डॉ. विक्रमादित्य, डॉ. मसूद खान, डॉ. मोहम्मद यूसुफ, डॉ. एसपी सिंह और डॉ. नदीम इलियास तैनात रहेंगे।

इनके अलावा स्टाफ नर्स बेनजीर, साधना, आरती, प्रसन्नलता और शिखा, फार्मासिस्ट राजेंद्र कुमार, उदय प्रताप सिंह और बृजेश सिंह, लैब टेक्नीशियन ओमेंद्र यादव व राम प्रताप को भी लगाया गया है।

कुल मिलाकर नौ पुरुष चिकित्सक, दो महिला चिकित्सक, चार स्टाफ नर्स, तीन फार्मासिस्ट, दो एलटी, पैरामेडिकल स्टाफ और 14 अन्य स्टाफ मेले में सेवा देंगे। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मेले में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य सेवा के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

रिजर्व दल भी तैयार

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व दल भी रखा गया है। इसमें डॉ. कौशल गुप्ता, फार्मासिस्ट कमर इकबाल, बीएमडब्ल्यू गौरव यादव, सरनाम सिंह, राकेश कुमार और वसीम अहमद को शामिल किया गया है। यह दल जरूरत पड़ने पर तुरंत मोर्चा संभालेगा।

शुद्ध पानी और फागिंग का भी इंतजाम

मेले में स्वच्छ जलपान के लिए दो क्लोरीन वितरण केंद्र भी लगाए जा रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को शुद्ध पानी मिलेगा और पानी से फैलने वाली बीमारियों से बचाव होगा। मलेरिया विभाग की ओर से मेले में फॉगिंग भी कराई जा रही है, ताकि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों को रोका जा सके।

मेले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुष्ठ, टीबी, वैक्टर जनित रोग और परिवार नियोजन के प्रचार-प्रसार के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई है। श्रद्धालु मेला घूमने के साथ-साथ इन बीमारियों के बारे में जानकारी भी ले सकेंगे।

यह भी पढ़ें- ककोड़ा मेला: बिना पानी की 'कटी धार' में स्नान की तैयारी! नरौरा से पानी नहीं छूटा तो कीचड़ में डुबकी लगाएंगे लाखों श्रद्धालु

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।