700 साल पुराने ऐतिहासिक ककोड़ा मेले में पहुंचने लगे तंबुओं से लदे ट्रक, VIP क्षेत्र में शुरू हुई बसावट
रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा की तैयारियां तेज हो गई हैं, भिंड से तंबू पहुंचने लगे हैं और वीआईपी क्षेत्रों में बसावट शुरू हो गई है।

ककोड़ा मेले में पहुंचने लगे तंबुओं से लदे ट्रक।
HighLights
भिंड से तंबू पहुंचने लगे, वीआईपी क्षेत्रों में बसावट शुरू।
मेले के मुख्य मार्ग तैयार, धूल रोकने को पानी छिड़काव।
स्नान धारा में पानी कम, नरौरा बांध से संपर्क जारी।
जागरण संवाददाता, बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा की तैयारियां अब रफ्तार पकड़ने लगी हैं। मेले में भिंड (मध्य प्रदेश) से तंबुओं से लदे ट्रकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
जिला पंचायत कार्यालय समेत अन्य विभागों के कार्यालयों के लिए प्लाटिंग का काम पूरा हो चुका है। इन स्थानों पर तंबू लगाने की तैयारी चल रही है। वहीं, वीआइपी क्षेत्र और माननीयों के लिए बनाए जाने वाले टेंट भी लगने शुरू हो गए हैं। फिलहाल एक-दो टेंट तैयार हो चुके हैं।
तंबू लगाने का काम कर रहे महेश ने बताया कि भिंड से तंबू मंगाए जा रहे हैं। लगातार ट्रकों के पहुंचने के साथ ही टेंट लगाने का काम भी किया जा रहा है। उधर, मेले को जाने वाले मुख्य मार्ग बनकर तैयार हो गए हैं। कुर्मियान मेला और बरेली मेले की ओर जाने वाले रास्तों को भी तैयार किया जा रहा है।
वीआइपी मार्ग बनकर तैयार
गंगा तट की ओर जाने वाला वीआइपी मार्ग भी बनकर तैयार हो चुका है। श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से मार्गों पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। तैयार हो चुके रास्तों पर धूल न उड़े, इसके लिए पानी का छिड़काव भी कराया जा रहा है। अभी भी दिनभर श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंच रहे हैं।
मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में आने वाले श्रद्धालुओं और साधु-संतों के लिए प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं की जा रही हैं, लेकिन गंगा की मुख्य धारा और स्नान के लिए निर्धारित धारा में पानी की स्थिति अलग-अलग है।
गंगा की मुख्य धारा में जलप्रवाह ठीक है, जबकि श्रद्धालुओं के स्नान के लिए निर्धारित धारा में पानी काफी कम बह रहा है। इससे मुख्य स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं को डुबकी लगाने में परेशानी हो सकती है। इस समस्या को देखते हुए शासन और प्रशासन की ओर से नरौरा बांध से संपर्क किया जा रहा है, ताकि स्नान पर्व से पहले निर्धारित धारा में जलप्रवाह बढ़ाया जा सके।
प्रशासन का प्रयास है कि मुख्य स्नान पर्व पर पर्याप्त पानी उपलब्ध रहे और श्रद्धालु आसानी से गंगा में डुबकी लगा सकें। इससे मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालु हर-हर गंगे और जय गंगे के जयघोष के साथ पुण्य की डुबकी लगा सकेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।