विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा की रेती पर एक ऐसा मेला, जहां तंबुओं में जलते हैं चूल्हे, जुटते हैं हजारों परिवार और तय होते हैं शादियों के रिश्ते

Published: Sat, 14 Nov 2026 06:13 PM (IST)

बदायूं के ककोड़ा मेले में कुर्मी समाज गंगा की रेती पर अपनी एक अलग दुनिया बसाता है, जहां परिवार रिश्तों ...और पढ़ें

ककोड़ा मेले का दृश्य जागण आर्काइव

ककोड़ा मेले का दृश्य जागण आर्काइव

HighLights

  1. डेरे-तंबू, ट्रैक्टर-ट्राॅली, बाहर रखी कुर्सियां, जलता चूल्हा और खेलते बच्चे हैं पहचान

उमेश राठौर, बदायूं। ककोड़ा मेले में गंगा की रेती पर आस्था का सैलाब उमड़ता है। इसी रेती के पश्चिमी हिस्से में कुर्मियान की एक अलग दुनिया बसती है, जहां कुर्मी समाज के परिवार गंगा-स्नान के साथ रिश्तों को संजोने और पुरानी परंपराएं निभाने के लिए कई दिनों का डेरा डालते हैं। तंबू और राउटियां मेले की खास पहचान हैं।

परिवार घर-गृहस्थी का सामान, बिस्तर, बर्तन और खाने-पीने की व्यवस्था साथ लाते हैं। तंबुओं में चूल्हे जलते हैं और लोग एक साथ समय बिताते हैं। सुबह गंगा-स्नान और पूजा-पाठ के बाद दिनभर रिश्तेदारों का आना-जाना चलता है।

इस परंपरा का अहम पक्ष विवाहित बहनों और बेटियों की खातिरदारी है। उन्हें मेले में बुलाकर स्वागत और भोजन की व्यवस्था की जाती है। यह मिलन सालभर व्यस्त रहने वाले परिवारों को साथ बैठने का अवसर देता है।

बुजुर्ग पुरानी यादें साझा करते हैं और लंबे समय से न मिले रिश्तेदार फिर मिलते हैं। कुर्मियान में नए रिश्तों की नींव भी पड़ती है। विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए परिवार बातचीत करते हैं और बुजुर्ग विवाह संबंधों पर चर्चा करते हैं।

कई परिवारों के डेरे की जगह दादा-परदादा के समय से वही है। अब पोते अपने बच्चों के साथ आते हैं। बच्चे मेले में बड़े होते हैं और यहीं विवाह की बात भी चलती है। ककोड़ा उनके लिए मेला ही नहीं, मिलन और रिश्तों का अवसर भी है। गंगा में डुबकी के साथ यहां रिश्तों में भी जुड़ाव गहरा होता है।

यह बात सही है कि ककोड़ा मेला में कुर्मी समाज के लोगों की शादियां भी तय हो जाती थीं। इसकी सभी सबसे बड़ी वजह यह थी कि पुराने समय से लोग यहीं पर आकर मिलते आ रहे थे, जिससे लड़का लड़की देखना भी आसान हो गया था और सभी रिश्तेदार यहां आकर मिलते थे। इससे बात करना भी आसान हो गया था, जिसकी वजह से शादी की बात भी हो जाती थी, हम लोग भी यह सुनते आ रहे हैं। - सुरेश चंद्र राठौर, नगर पंचायत गुलड़िया

हमारे बच्चे तो हर साल का ककोड़ा मेला का इंतजार करते हैं और करीब एक माह पहले से तैयारी शुरू कर देते हैं, घर में जो सामान नहीं होता है उसको मंगवा कर रख लेते हैं। दीपावली के बाद तो सारी तैयारियां पूरी हो जाती हैं। यह केवल हमारे घर में नहीं, बल्कि अधिकतर लोगों के घरों में ऐसे ही तैयारियां चल रहीं होंगी। - चिंरजीव राठौर, नगर पंचायत गुलड़िया

पहले ककोड़ा मेला के रास्ते में टोल टैक्स जाता था, जो सबसे बड़ा खर्चा भी माना जाता था। हमने उसी टोल टैक्स को खत्म कराने के लिए करीब एक माह तक मालवीय आवास पर धरना प्रदर्शन किया था। तमाम अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपे थे। तब कहीं जाकर टोल टैक्स खत्म हो पाया था। यह सब बाहुबली नेता डीपी यादव के सहयोग से हो पाया। - मुकेश कुमार पटेल, भरकुईया

कुर्मी समाज के दिलों में ककोड़ा मेला छाया हुआ है। समाज के अधिकतर लोगों के घरों मे मेला से संबंधित सामान मौजूद मिलेगा। प्रत्येक घर में डेरा तंबू, नल और डेरा के आसपास सुरक्षा को अस्थाई बाउंड्री भी मिलेगी। अब तो शौचालय की भी व्यवस्था होने लगी है। अधिकतर डेरों में अब बीआईपी सुविधाएं हो गई हैं। - रामचंद्र सिंह, अहोरामई

यह भी पढ़ें- गंगा तट पर बसने लगा 'तंबुओं का शहर', ड्रोन और CCTV के पहरे में सजेगा मिनी कुंभ ककोड़ा मेला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।