विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ककोड़ा मेले का देसी रंग: सुबह गंगा स्नान और दान-पुण्य, दिनभर मीना बाजार और खिलौनों की दुकानों पर उमड़ रही भीड़

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:51 PM (IST)

बदायूं के ककोड़ा मिनी कुंभ मेले में ग्रामीण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां वे ब्रह्म मुहूर्त से गंगा स्नान, पूजन और दान-पुण्य कर रहे हैं। स्नान के बाद श्रद्धालु मीना बाजार और खानपान की दुकानों पर खरीदारी का आनंद ले रहे हैं।

मेले में सजी दुकानों पर घोड़ों के साज सज्जा का सामान। जागरण

मेले में सजी दुकानों पर घोड़ों के साज सज्जा का सामान। जागरण

HighLights

  1. स्नान, पूजन और दान-पुण्य के बाद बाजारों में उमड़ रही भीड़, महिलाओं की पसंद बना मीना बाजार तो बच्चों को लुभा रहीं खिलौनों की दुकानें

जागरण संवाददाता, बदायूं। रुहेलखंड की आस्था और सनातन परंपराओं के प्रतीक मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में अब ग्रामीण श्रद्धालुओं की भीड़ से रौनक बरकरार बनी हुई है। गंगा के रेतीले तट पर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयघोष के बीच श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। गंगा स्नान, पूजन और दान-पुण्य के बाद मेले के बाजारों में खरीदारी का सिलसिला शुरू हो जाता है।

सुबह से शाम तक गंगा घाट से लेकर मीना बाजार और खानपान की दुकानों तक चहल-पहल बनी रहती है। ग्रामीणों की आवाजाही से मेले का माहौल पूरी तरह उत्सवी नजर आने लगा है।

C-475-1-BRY1012-476886

ब्रह्म मुहूर्त से ही आसपास के गांवों के साथ दूरदराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है। कोई ट्रैक्टर-ट्राली से परिवार के साथ आता है तो कोई बैलगाड़ी, साइकिल और मोटरसाइकिल से गंगा तट तक पहुंचता है।

घाट पर पहुंचकर श्रद्धालु सबसे पहले मां गंगा को नमन करते हैं और फिर आस्था की डुबकी लगाते हैं। स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और लोकमंगल की कामना की जाती है।

82587625

इसके बाद गंगा पूजन, प्रसाद अर्पित करने और गरीबों को दान-दक्षिणा देने की परंपरा निभाई जाती है। कई परिवार बच्चों के साथ सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करते दिखाई देते हैं। गंगा तट पर सुबह से ही श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहता है।

गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं का अगला पड़ाव मेला बाजार बन रहा है। मीना बाजार में महिलाओं की खास चहल-पहल है। कोई चूड़ियां और श्रृंगार का सामान पसंद कर रही है तो कोई घरेलू जरूरतों की वस्तुओं की खरीदारी में जुटी है।

82588068

बच्चों को खिलौनों की दुकानें आकर्षित कर रही हैं। कहीं रंग-बिरंगे खिलौने पसंद किए जा रहे हैं तो कहीं बच्चों की जिद पर स्वजन खरीदारी करते नजर आते हैं। चाट-पकौड़ी, मिठाइयों और प्रसाद की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ लगी रहती है।

परिवार के साथ मेले में पहुंचे लोग खानपान का आनंद लेने के साथ जरूरत और पसंद का सामान खरीद रहे हैं। ग्रामीणों की इस चहल-पहल से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं।

सुबह गंगा तट की ओर रुख, शाम को घर वापसी

मेले में श्रद्धालुओं का आवागमन सुबह से देर शाम तक बना रहता है। दिनभर खरीदारी और घूमने-फिरने के बाद ग्रामीण अपने घरों को लौट जाते हैं। अगले दिन सुबह फिर नए श्रद्धालुओं के साथ कई परिवार गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। इस तरह ककोड़ा मेले में आस्था और ग्रामीण बाजार की रौनक एक साथ दिखाई दे रही है।

82587597

बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं। गंगा स्नान की परंपरा, परिवारों की सामूहिक मौजूदगी और बाजारों की चहल-पहल ने ककोड़ा मेले को गुलजार कर दिया है।

यह भी पढ़ें- गांव की चौखट से देशभर के बाजार तक: अब अमेजन-फ्लिपकार्ट पर चमकेंगे बदायूं की महिलाओं के हुनर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।