मैदान की रफ्तार पहाड़ों पर बन रही जानलेवा! कैंची धाम हादसे से लें सबक, जानें हिल्स ड्राइविंग का 'गोल्डन रूल'
एक सड़क हादसे के बाद पहाड़ों पर गाड़ी चलाने के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा नियमों पर प्रकाश डाला गया है। मैदानी ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
अपनी साइड का विशेष ध्यान रखें चालक, ज्यादा तेज गति से न चलाएं वाहन
जागरण संवाददाता, बदायूं। मैदानी इलाकों की अपेक्षा पहाड़ों पर गाड़ी चलाना कोई सामान्य बात नहीं है। अधिकतर मैदानी इलाकों में गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर कभी-कभी पहाड़ों पर बड़ा धोखा खा जाते हैं। इससे जान पर भी बन आती है। बुधवार रात बरेली के पांच श्रद्धालु कार में सवार होकर कैंची धाम जा रहे थे। रात करीब एक बजे भवाली-कैंची धाम मार्ग पर निगलाट के पास उनकी कार खाई में गिर गई।
इसमें एक श्रद्धालु की जान चली गई और चार घायल हो गए। शुरुआती जांच में यह माना गया कि तेज रफ्तार की वजह से हादसा हुआ। ये हादसा मैदानी चालकों के लिए बड़ी चेतावनी है। पहाड़ पर गाड़ी चलाना मैदान जैसा नहीं होता, यहां एक छोटी गलती खाई में ले जाती है।
प्रशिक्षित चालक सर्वेश के मुताबिक पहाड़ पर चालक को सबसे पहले धैर्य जरूरी है। उसे हेयरपिन बेंड, अंधे मोड़, संकरी सड़क, लंबी ढलान और अचानक बदलते मौसम को समझना जरूरी है।

मैदान में ब्रेक और एक्सीलेटर से गाड़ी संभाल लेते हैं, पहाड़ पर गियर, नजर और अंदाजा काम आता है। इसलिए यात्रा प्लान करते समय ही ऐसे चालक का चयन करें, जो पहाड़ पर गाड़ी चलाने का अभ्यस्त हो।
अगर ऐसा चालक साथ नहीं है तो हल्द्वानी, काठगोदाम, भवाली जैसे सीमावर्ती क्षेत्र से स्थानीय चालक बुला सकते हैं। वह हर मोड़, ढलान, भूस्खलन वाले प्वाइंट और मौसम को जानता होगा। उसके बाद ही पहाड़ों पर आगे बढ़ें।
ये है रात और दिन का नियम
कोशिश करें कि दिन में ही अपना सफर पूरा करें। सुबह छह से दोपहर 12 बजे तक मौसम सबसे साफ रहता है। दोपहर बाद कोहरा, बरसात और भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। मैदानी पर्यटकों-श्रद्धालुओं को सूर्यास्त के बाद पहाड़ों पर वाहन नहीं चलाना चाहिए। रात में मोड़ का अंदाजा नहीं लगता, सामने की लाइट आंख चौंधिया देती है और हादसे पर मदद भी देर से पहुंचती है।
मैदानी इलाकों में और पहाड़ों पर गाड़ी चलाना बिल्कुल अलग-अलग है। पहाड़ों पर ज्यादा स्पीड़ से गाड़ी नहीं चला सकते हैं। वहां कई मुख्य बातों का ध्यान रखना पड़ता है। गाड़ी को अपनी लेन में ही चलाएं और दिन में ही सफर करें।
- हरिओम गौतम, एआरटीओ
यह भी पढ़ें- 19,250 कारतूसों की जब्ती से हड़कंप: UP, बिहार और हरियाणा तक फैला अवैध हथियारों का जाल, अब NIA करेगी जांच