विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा एक्सप्रेस-वे पर सफर होगा और सुहावना: बदायूं में दोनों तरफ लगेगी 1 लाख पौधों की हरित पट्टी

Published: Fri, 16 Oct 2026 09:15 PM (IST)

बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे के 92 किलोमीटर हिस्से में दोनों ओर हरित पट्टी विकसित की जाएगी। इस योजना के तहत ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेस-वे के इन किनारों पर लगाए जाएंगे पौधे। जागरण

गंगा एक्सप्रेस-वे के इन किनारों पर लगाए जाएंगे पौधे। जागरण

HighLights

  1. जिले में 92 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेस-वे, प्रत्येक किलोमीटर में रोपे जाएंगे 1100 पौधे

जागरण संवाददाता, बदायूं। विकास की रफ्तार के प्रतीक बने गंगा एक्सप्रेस-वे को अब हरियाली से सजाने की तैयारी है। मेरठ से प्रयागराज तक बने इस एक्सप्रेस-वे के जिला वाले हिस्से में दोनों ओर हरित पट्टी विकसित की जाएगी। योजना परवान चढ़ी तो तेज रफ्तार के इस गलियारे में यात्रियों का सफर और भी सुहावना हो जाएगा और पर्यावरण को भी नई सांस मिलेगी।

जिले से होकर गुजरने वाले एक्सप्रेस-वे की लंबाई करीब 92 किलोमीटर है। वन विभाग ने इस पूरे हिस्से में दोनों किनारों पर पौधारोपण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है।

प्रस्ताव के अनुसार प्रति किलोमीटर करीब 1100 पौधे रोपे जाएंगे। इस हिसाब से जिले में एक लाख से अधिक पौधे लगाए जाने की योजना है। शासन से मंजूरी मिलते ही पौधारोपण का काम शुरू होने की उम्मीद है।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे के किनारे हरियाली सिर्फ सुंदरता के लिए नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन के लिए भी जरूरी है।

वाहनों से निकलने वाले धुएं और धूल को पौधे काफी हद तक सोखेंगे। इससे हवा की गुणवत्ता सुधरेगी और आसपास के गांवों को भी फायदा होगा। गर्मी के मौसम में हरित पट्टी यात्रियों को छाया और ठंडक का अहसास देगी।

योजना में स्थानीय जलवायु और मिट्टी के अनुसार पौधों का चयन किया जाएगा। इसमें छायादार, फलदार और औषधीय पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी।

नीम, पीपल, बरगद, शीशम, अर्जुन, जामुन और अमलतास जैसे पौधे लगाए जाने की तैयारी है। इन पौधों की देखभाल के लिए सिंचाई और सुरक्षा की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि पौधे सूखें नहीं और पशुओं से उनका बचाव हो सके।

लंबे सफर के यात्रियों की थकान दूर करेगी हरित पट्टी

गंगा एक्सप्रेस-वे के दोनों किनारों पर बनाई जाने वाली हरित पट्टी केवल पर्यावरण के लिए ही नहीं बल्कि सबके लिए फायदेमंद रहेगी। इस एक्सप्रेस-वे पर लंबा सफर करने वाले यात्रियों को ठंडक पहुंचाएगी, उन्हें राहत देगी।

लंबा सफर करने वाले यात्री अपने वाहन को एक्सप्रेस-वे के किनारे या ऐसे स्थान पर खड़ा कर सकेंगे जहां पेड़ की छांव भी होगी और वहां आसानी से उनका वाहन भी खड़ा हो जाएगा। सबसे बड़ी बात यह कि एक्सप्रेस-वे पर चलते समय पेड़ों की ठंडी हवा भी मिलेगी।

 

गंगा एक्सप्रेस-वे के दोनों किनारों पर पौधारोपण कराया जाएगा। बदायूं जिले में करीब 92 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेस-वे है और प्रत्येक किलोमीटर में करीब 1100 पौधे लगाए जाएंगे। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद पौधारोपण शुरू कर दिया जाएगा।

- विनीता सिंह, डीएफओ


यह भी पढ़ें- बदायूं में बनेगा एक और नया रोडवेज बस अड्डा, बाईपास पर जमीन चिह्नित; शहरवासियों को जाम से मिलेगी मुक्ति