बदायूं में बनेगा एक और नया रोडवेज बस अड्डा, बाईपास पर जमीन चिह्नित; शहरवासियों को जाम से मिलेगी मुक्ति
बदायूं शहर में बाईपास पर एक नया रोडवेज बस अड्डा बनने जा रहा है, जिससे शहरवासियों को भीषण जाम से ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
एआरटीओ कार्यालय के पास चिह्नित हुई जमीन, की गई चिह्नित, प्रशासन की मुहर लगना बाकी
जागरण संवाददाता, बदायूं। शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। शहर में अब एक और रोडवेज बस अड्डा बनने जा रहा है। बाईपास पर एआरटीओ कार्यालय के नजदीक जमीन चिह्नित कर ली गई है और उसका प्रस्ताव भी बनकर तैयार हो गया है। जिला प्रशासन की मुहर लगते ही दो-एक दिन में इसे शासन को भेज दिया जाएगा। शासन से हरी झंडी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
शहर में अभी एक ही रोडवेज बस अड्डा है, जो शहर के बीचों-बीच स्थित है। यहां तक पहुंचने के लिए बसों को आधा शहर पार करना पड़ता है। शहर की संकरी सड़कों और अतिक्रमण के कारण बसों को जाम से जूझना पड़ता है।
इससे न सिर्फ रोडवेज बसें लेट होती हैं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह चौपट हो जाती है। अक्सर शहीद भगत सिंह से लेकर लालपुल और शहर के कई स्थानों पर लंबा जाम लग जाता है, जिसे खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट जाते हैं।
इसी समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने पिछले दिनों बाईपास का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान बाईपास पर एआरटीओ कार्यालय के पास खाली पड़ी जमीन को नए बस अड्डे के लिए उपयुक्त पाया गया।
अधिकारियों का मानना है कि अगर बाईपास पर नया बस अड्डा बन जाता है तो दिल्ली, मुरादाबाद और बरेली की ओर जाने वाली बसों को शहर के अंदर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे बाईपास से ही होकर गुजर जाएंगी, जिससे शहर में लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिल जाएगी।
बाईपास पर बढ़ेगा विकास
बाईपास पर नया रोडवेज बस अड्डा बनने से आसपास के क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होगी। बस अड्डा बनने के बाद वहां यात्रियों की भीड़भाड़ बढ़ेगी, जिससे दुकानें, होटल और ढाबे खुलेंगे।
अधिकारियों का अनुमान है कि बस अड्डे के 500 मीटर के दायरे में अच्छा व्यावसायिक विकास होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
अंदर शहर की सुधरेगी यातायात व्यवस्था
शहर के अंदर जाम का सबसे बड़ा कारण रोडवेज बसें मानी जाती हैं। बड़ी बसों के शहर में प्रवेश करने से छोटी गलियों में भी जाम लग जाता है।
नया बस अड्डा बाईपास पर बनने से आधी से ज्यादा बसें शहर में नहीं आएंगी। उन्हें बाईपास स्थित नए बस अड्डे पर ही रोका जाएगा। इससे शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
शहर के बाईपास पर एक और रोडवेज बस अड्डा बनाया जाएगा। इसके लिए जगह भी चिह्नित कर ली गई है। इसका प्रस्ताव भी बनकर तैयार हो गया है। दो-एक दिन में प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा। अगर यह पास हो गया तो शहर की बहुत बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था सुधरेगी और शहर का विकास भी होगा।
- मानवेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन
यह भी पढ़ें- बदायूं: त्योहारों से पहले पुलिस ने परखी दंगा नियंत्रण की तैयारी, आंसू गैस के गोले छोड़ की मॉक ड्रिल
