बदायूं: त्योहारों से पहले पुलिस ने परखी दंगा नियंत्रण की तैयारी, आंसू गैस के गोले छोड़ की मॉक ड्रिल
बदायूं पुलिस ने आगामी त्योहारों से पहले शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंगा नियंत्रण का अभ्यास किया। इस मॉक ...और पढ़ें

मॉक ड्रिल के दौरान आंसू गैस के गोले छोड़ने का अभ्यास करते पुलिसकर्मी
HighLights
पुलिस लाइंस में बलवा ड्रिल, पथराव से बचाव और उपद्रवियों को पकड़ने का किया अभ्यास
जागरण संवाददाता, बदायूं। आने वाले त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बदायूं पुलिस ने अपनी तैयारी परखनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को पुलिस लाइंस के परेड ग्राउंड में दंगा नियंत्रण की मॉक ड्रिल की गई। इसमें पुलिसकर्मियों ने दंगारोधी उपकरणों के साथ भीड़ को नियंत्रित करने और उपद्रवियों को पकड़ने का अभ्यास किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में हुए अभ्यास में आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को अलग-अलग परिस्थितियों में कार्रवाई करने का प्रशिक्षण दिया गया।

ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों ने बलवा या दंगे जैसी स्थिति बनने पर भीड़ को तितर-बितर करने, पथराव के बीच खुद का बचाव करने और उपद्रवियों को पकड़ने का अभ्यास किया।

इस दौरान पुलिस चेतावनी देने, आंसू गैस के गोले छोड़ने, रबर बुलेट और वाटर कैनन के इस्तेमाल की प्रक्रिया भी दोहराई गई। अभ्यास के जरिए यह परखा गया कि किसी अप्रिय स्थिति में पुलिस बल कितनी तेजी से एकजुट होकर कार्रवाई कर सकता है।

त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती रहता है। ऐसे में किसी विवाद के बढ़ने या भीड़ के उग्र होने पर समय रहते स्थिति संभालने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्कता और संयम के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
-1791541491088.webp)
साथ ही, आपसी समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुए इस अभ्यास का मकसद किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस की तैयारियों को परखना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
यह भी पढ़ें- बदायूं में चलती बाइक पर चिलम पीकर बच्चियों के मुंह पर उड़ाया धुआं, CCTV सामने आते ही दो गिरफ्तार
