दो पूर्व विधायकों की बढ़ी मुश्किलें, महिला की जमीन पर कब्जे की कोशिश में 35 लोगों पर कोर्ट में मुकदमा
सिठौली गांव की एक महिला ने अपनी जमीन पर जबरन आंबेडकर पार्क बनाने की कोशिश और ट्यूबवेल तोड़फोड़ के आरोप ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
सिठौली गांव में जमीन कब्जाकर आंबेडकर पार्क बनाने की कोशिश का आरोप
संवाद सूत्र, इस्लामनगर (बदायूं)। क्षेत्र के गांव सिठौली की एक महिला ने अपनी कीमती जमीन पर आंबेडकर पार्क के नाम पर जबरदस्ती कब्जा करने, खेत में ट्यूबवेल पर तोड़फोड़-लूट और जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, उनके पिता योगेंद्र सागर समेत 35 के खिलाफ मुकदमा दायर कराया है।
गांव सिठौली निवासी मंजुल पत्नी शेर सिंह ने अपने अधिवक्ता अरविन्द कुमार शर्मा के माध्यम से मुकदमा दायर कराया है। उनका कहना है कि वह अपने पति के साथ गांव में रहकर खेती करके जीवन यापन करती है। उनके बेटे बाहर रहते हैं।
उन्होंने वर्ष 2017 में 1.338 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी और उस पर वह काबिज भी हैं। उनका आवास गांव के अनुसूचित जाति बाहुल्य मुहल्ले में है। आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग उसकी उनकी कीमती जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं।
कहते हैं कि पूर्व विधायक कुशाग्र सागर और योगेन्द्र सागर हमारे नेता हैं। उन्होंने खेत में लगे ट्यूबवेल पर तोड़फोड़ की और सामान लूट लिया। उनपर जानलेवा हमला हुआ तो गांव के लोग शोर मचाते हुए आए।
जिसके बाद आरोपित खेत व ट्यूबवेल से लूटा हुआ सामान लेकर भाग गए। कहना है कि उसी समय दारोगा ने उसके बीमार पति शेर सिंह यादव को घर से सुरक्षा के लिए लाइसेंसी रायफल लेकर खेत पर बुलाने के लिए सिपाही भेजा।
उन्होंने अपने पति को बीमार हालत में खेत पर बुलाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन दारोगा नहीं माने। दरोगा ने उनकी लाइसेंसी रायफल मैगजीन में पड़े पांच कारतूसों के साथ ले ली और थाने आकर रायफल ले जाने की कहकर चले गए।
आरोपितों ने जबरन आंबेडकर पार्क बनाने के नाम पर उनके खेत पर कब्जा किया। उन्होंने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने को प्रार्थना पत्र भी दिया लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की और न ही लाइसेंसी राइफल वापस की। तब उन्होंने न्यायालय में मुकदमा दायर कराया, जिस पर न्यायालय ने सुनवाई शुरू कर दी है।
इन लोगों को बनाया गया आरोपित
मुकदमे में सिठौली गांव के अरविंद्र, आदेश कुमार, शिवशंकर, चंद्रभान, अजेंद्रपाल, कुशाग्र सागर (पूर्व विधायक बिसौली), योगेंद्र सागर (पूर्व विधायक बिसौली), एसआई विनोद कुमार, नरेंद्र, अंकित, हरपाल, नबाब, विशेष, अमरजीत, अतराज, उमेश, प्रमोद, अखिलेश, देवा, नीरज, पंकज, उस्मान, जितेंद्र, वीरपाल, वीरेंद्र, अभिलाष, विजय, विनय, शिवशंकर, धर्मवीर, नन्हे, विजय सिंह, संतोष, मुनीम, विजेंद्र कुल 35 लोगों को शामिल किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।